उज्जैन. यूं तो संस्कृत में बात करना ही मुश्किल है लेकिन अभा कालिदास समारोह के तहत विक्रम विश्वविद्यालय की कालिदास समिति द्वारा आयोजित संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिता में देशभर के विद्यार्थियों ने संस्कृत में जमकर वाद-विवाद किया।
इसमें वाराणसी को स्वर्ण व उज्जैन को रजत पुरस्कार मिला। सिंधिया प्राच्य विद्या शोध संस्थान में सोमवार को देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और विद्यापीठों के विद्यार्थियों ने शिरकत की। प्रतियोगियों ने संस्कृत में ही पक्ष और विपक्ष में विचार रखे। कुछ मुद्दों पर जमकर बहस भी हुई। शाम को पुरस्कारों की घोषणा की गई। सात प्रतियोगी विजयी हुए हैं।
प्रतियोगिता की अध्यक्षता डॉ. प्रभाकर शास्त्री (जयपुर) ने की। निर्णायकों में डॉ. प्रभूनाथ द्विवेदी वाराणसी, डॉ. नारायणदत्त शर्मा नईदिल्ली, डॉ. दलबीरसिंह अमृतसर थे। संचालन डॉ. पवन व्यास ने किया। समिति सचिव डॉ.बालकृष्ण शर्मा भी मौजूद थे।