नागदा. रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान गिरने पर एक बालिका के ऊपर से ट्रेन के छह डिब्बे निकल गए, लेकिन वह सुरक्षित बच गई। बच्ची के गिरने पर स्टेशन पर हाहाकार मच गया। ट्रेन रुकने पर बच्ची को उसी ट्रेन में बैठाकर परिजनों के साथ रवाना किया गया।
सोमवार सुबह 10.30 बजे चलती हुई दाहोद-भोपाल ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक 11 वर्षीय बालिका गिरकर पटरियों के नीचे आ गई। इससे रेलवे स्टेशन पर हाहाकार मच गया। लोगों का शोर सुनकर ट्रेन के गार्ड ने तत्काल वैक्यूम डाउन कर ट्रेन रुकवा दी, लेकिन इस बीच उस बच्ची पर से ट्रेन के छह डिब्बे गुजर गए।
बच्ची को बाहर निकाला तो वह सकुशल थी। दस मिनट आराम और पानी पिलाने के बाद बच्ची को परिजनों के साथ उसी ट्रेन से रवाना किया गया। घटना की पुष्टि जीआरपी चौकी प्रभारी डी.एस. जादौन ने की है। उन्होंने बताया मामले में कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है। सब कुछ बहुत जल्दी होने के कारण किसी ने बच्ची का नाम तक नहीं पूछा।