अब लाभ-शुभ का इंतजार
सतीश एलिया Tuesday, November 03, 2009 04:10 [IST]  

भोपाल. विस्तार में मंत्री पद पर बहाल हुए शिवराज सरकार के काबीना मंत्री हलके समझे जाने वाले विभाग मिलने की मायूसी से बाहर निकलकर कुर्सी संभालने के लिए तिथियों के ‘लाभ-शुभ’ दिखवा रहे हैं। नरोत्तम मिश्रा दिल्ली में धन्यवाद ज्ञापित कर लौट रहे हैं तो उमाशंकर गुप्ता व्हाया बनारस दिल्ली पहुंचने भोपाल से रवाना हो चुके हैं।



अजय विश्नोई विभाग पसंद नहीं आने पर उन्हीं में कुछ कर दिखाने की गुंजाइश तलाश रहे हैं। विभाग वितरण के लिए पांच दिन लंबा इंतजार रविवार रात खत्म होने के बाद सोमवार गुरुनानक जयंती के अवकाश में बीत गया। किसी भी मंत्री ने मंत्रालय पहुंचकर काम नहीं संभाला। वजनदार विभाग के बजाय संसदीय कार्य और विधि विधायी विभाग मिलने से मायूस नरोत्तम मिश्रा ने मथुरा पहुंचकर अपने गुरुजी से आशीर्वाद लिया।



वहां से दिल्ली पहुंचकर मंत्रिमंडल में वापसी के लिए आभार जताया। सूत्र बताते हैं कि उन्होंने पसंद का विभाग न मिलने का दर्द भी नेताओं के सामने बयां किया। गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कामकाज समझना शुरू कर दिया है। सोमवार को छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने उनसे मुलाकात की।



श्री गुप्ता शाम को बनारस रवाना हुए हैं। वे भगवान विश्वनाथ के दर्शन कर, पहले से तय कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे परसों दिल्ली पहुंचेंगे और पांच नवंबर को लौटकर कार्यभार ग्रहण करेंगे। वन मंत्री सरताज सिंह मंगलवार को सुबह 11 बजे काम सम्हालेंगे। उन्होंने सोमवार को जबलपुर में वन अधिकारियों की बैठक लेकर कामकाज शुरू कर दिया है।



पशुपालन, मछलीपालन तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनाए गए अजय विश्नोई मनपसंद विभाग न मिल पाने की मायूसी इन्हीं विभागों में रमकर दूर करने का मानस बना रहे हैं। वे नौ को शुभांक मानते हैं, इसलिए नौ नवंबर को काम सम्हालेंगे। विजय शाह बुरहानपुर और खंडवा में स्वागत कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।



उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि अभी तय नहीं है। मंगलवार को भोपाल आ गए तो इसी दिन कार्यभार ग्रहण कर सकते है। राज्य मंत्रियों में मनोहर ऊंटवाल मंगलवार को सुबह 11 बजे मंत्रालय पहुंचकर काम सम्हालेंगे। हालांकि राज्य मंत्रियों को कामकाज का बंटवारा होने में अभी वक्त लग सकता है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: