लाखों की सफाई मशीन ने भी खूब उड़ाई धूल
Bhaskar News Tuesday, November 03, 2009 04:22 [IST]  

इंदौर. बगैर धूल उड़ाए शहर की सड़कों को साफ करने के नगर निगम के दावे की सोमवार को हवा निकल गई। एबी रोड पर सफाई के लिए चलाई गई मशीन ने इतनी धूल उड़ाई कि यातायात व्यवस्था ही चरमरा गई।



दोपहिया वाहन चालक खांसते और आंखें मलते हुए धूल के गुबार से बाहर निकले। इस दौरान कई लोगों ने मशीन चालक को भला-बुरा कहते हुए इसे बंद करने को भी कहा। इंडस्ट्री हाउस के पास एबी रोड की सफाई के दौरान स्वीपिंग मशीन द्वारा उड़ाई गई धूल को देख कई दोपहिया वाहन चालकों ने अपना रास्ता बदल लिया।



नगर निगम ने इन्हें 74-74 लाख में खरीदा था। महापौर और स्वास्थ्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर ने इनका राजबाड़ा पर उद्घाटन किया था। तब श्री राठौर ने दावा किया था कि मशीन बगैर धूल उड़ाए सड़कों की सफाई करेगी।



उसमें पानी का टैंक लगा हुआ है, जिसके माध्यम से सड़क की धुलाई भी होती जाएगी। मशीन धूल खींचकर अपने टैंक में भरेगी। परंतु सोमवार को सड़क सफाई के दौरान ऐसा बिलकुल नहीं हुआ, बल्कि आसपास का पूरा माहौल धूलभरा हो गया।



क्या करें, सिस्टम बिगड़ गया



स्वास्थ्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौड़ ने बताया मशीन निगम को हैंडओवर नहीं हुई है, ट्रायल पर है। सोमवार को सफाई के साथ पानी का स्प्रे नहीं हुआ, इसलिए थोड़ी धूल उड़ी। पानी का सिस्टम बिगड़ गया था, जिसे सुधारा जाएगा। मशीन से बेहतर सफाई होती है। हमने देख-परखकर ही दो मशीनें खरीदी हैं।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: