बिलासपुर. यूनिवर्सिटी में आईटी छात्रों लिए एक्सट्रा क्लासेस शुरू हो चुकी हैं। आईटी में आनलाइन छठवें राउंड तक और उसके बाद स्थानीय काउंसिलिंग के कारण कई छात्रों का एडमिशन लेट हुआ था। ऐसे विलंब से एडमिशन लेने वाले छात्रों का कोर्स पूरा कराने के लिए दो सेक्शन में एक्सट्रा क्लास ली जा रही हैं।
देर से एडमिशन लेने वाले छात्रों के लिए छुट्टी के दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक्सट्रा क्लास ली जा रही है। वहीं रुटीन के दिन सुबह 10 बजे से क्लास लेने के 1 घंटा पूर्व छात्रों की एक्सट्रा क्लास ली जा रही है। एक्सट्रा क्लास लेने के लिए दो सेक्शन बनाए गए हैं। सेक्शन ई और सेक्शन एस। इन दोनों सेक्शनों में केमिकल इंजीनियरिंग और इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन के छात्र ही अधिक हैं।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी बनने के बाद पहली बार आईटी में हुई आन लाइन काउंसिलिंग की प्रक्रिया काफी समय तक चली थी। छठवें राउंड की काउंसिलिंग के बाद सीटें खाली रहने पर स्थानीय स्तर पर काउंसिलिंग ली गई थी। इधर एडमिशन ले चुके छात्रों के लिए तय समय में कोर्स की पढ़ाई शुरू की जा चुकी थी। देर से एडमिशन लेने वाले आईटी के छात्रों की पढ़ाई का नुकसान न हो इसलिए यूनिवर्सिटी कोर्स पूरा कराने के लिए छात्रों की एक्स्ट्रा क्लासेस ले रहा है।