सोनीपत. विश्व का सर्वाधिक लोकप्रिय खेल फुटबाल अब गांवों में शीघ्र की लोकप्रियता के शिखर पर होगा। गांवों में फुटबाल को लेकर यह लोकप्रियता वहां होने वाले बड़े आयोजन से बढ़ेगी। फुटबाल को लोकप्रिय तथा बच्चों में इस खेल को लेकर जुनुन पैदा करने के लिए प्रदेश स्तर पर प्रयास शुरू हो गए हैं।
फुटबाल से प्रतिभा प्रोत्साहन की शुरुआत ग्रास रूट लेवल से की जा रही हैं। गांव के बच्चों तक इस खेल को पहुंचाने के लिए अब राज्य फुटबाल संघ की ओर से आर्थिक मदद के साथ-साथ उनके प्रोत्साहन के लिए आवश्यक कदम भी उठाए जाएंगे।
इस प्रकार होगा आर्थिक संकट दूर
किसी भी प्रतियोगिता के आयोजन के समय फुटबाल एसोसिएशन द्वारा ग्रामीण क्लब तथा जिला संघों को आवश्यकता अनुसार बजट आवंटित किया जाएगा।
गुड़गांव से होगी शुरुआत
हरियाणा फुटबाल संघ के सचिव सुनील भारद्वाज ने बताया कि गांवों में फुटबाल की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए अब राज्य स्तरीय ही नहीं बल्कि नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन भी गांवों में किया जाएगा।
जिसकी शुरुआत गुडगांव जिले के गांव गढ़ी के सीनियर सेकंडरी स्कूल में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप से की जा रही है। यह स्टेट प्रतियोगिता 12 से 15 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इसी ग्राउंड पर नेशनल चैंपिशनशिप भी होगी। इसके बाद प्रदेश के अन्य जिलों के गांवों में भी बड़े आयोजन होंगे।
हरियाणा फुटबाल संघ बाल प्रतिभाओं के लिए विशेष प्रयास कर रहा है। इसके लिए सब जूनियर स्तर एवं जूनियर स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन में बढ़ोतरी की जाएगी। बड़े आयोजन की मेजबानी गांवों के स्कूलों को दी जाएगी। बजट में भी कोई परेशानी नहीं होगी। - दीपेंद्र हुड्डा, सांसद,एवं प्रधान हरियाणा फुटबाल संघ