सोनीपत. भिवानी से रुपए लेकर आ रहे मुनीम का थैला सोनीपत के बस स्टैंड पर काट लिया। थैले में पांच लाख साठ हजार रुपए थे। जिले में लूट और चोरी की वारदातों से व्यापारियों में कोहराम मचा हुआ है।
जबकि पुलिस अभी तक लूट और चोरी की वारदातों को रोकने और सुलझाने में पूरी तरह से नाकामयाब रही है। बड़ौत निवासी व्यापारी पवन कुमार जैन की दुकान पर मुनीम के रूप में काम कर रहे सुरेश चंद जैन भिवानी की डिगावा मंडी में पैमेंट लेने के लिए गया था।
बस में चढ़ते समय काटा रुपयों से भरा थैला
वापसी में जब सोनीपत पहुंचा और बस में चढ़ने लगा तो किसी ने उसका थैला काट लिया। उसने शोर मचाया। बाद में उसने गीता भवन पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। पुलिस को दिए बयान में सुरेश चंद जैन ने बताया कि वह मनोज और अशोक से गुड़ की पैमेंट लेकर लौट रहा था।
हादसे की सूचना उसने सबसे पहले अपने जानकार सोनीपत निवासी रामनिवास को दी। पुलिस ने सुरेश चंद जैन की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जैन इलेक्ट्रोनिक के मालिक पर कातिलाना हमला
लूट की नीयत से इलेक्ट्रानिक की दुकान में घुसकर तीन बदमाशों ने दुकानदार की जरबदस्त धुनाई कर दी, जिसमें संचालक बुरी तरह से जख्मी हो गया। तीनों बदमाश घटना को अंजाम देकर पैदल ही भगा निकले।
बहालगढ़ रोड पर गंदे नाले के पास स्थित जैन इलेक्ट्रानिक की दुकान पर तीन युवक मुंह रुमाल बांधकर दुकान पर पहुंचे। दुकान पर पहुंचते ही उन्होंने डंडे से संचालक राजेश जैन पुत्र हुकम चंद जैन पर हमला कर दिया।
जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे छुड़ाने आए उनके नौकर राजकुमार पर भी बदमाशों ने हमला कर दिया। तीनों युवक पैदल ही घटना को अंजाम देकर भाग निकले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले का संज्ञान लिया। राजेश जैन ने बताया कि बदमाशों का मकसद बाजार में दहशत फैलाकर लोगों को लूटना है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यापारियों का सोनीपत बंद आज
शहर में बढ़ रही लूटपाट की घटनाओं को लेकर आज शहर की सभी व्यापारी एसोसिएशनों ने सोनीपत बंद का आह्वान किया है। इसी बंद को सफल करने के लिए जहां शहर के सभी व्यापारी संगठनों ने कमर कस ली है, वहीं सरकारी संपत्ति को नुकसान न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम किए हैं।
बंद के दौरान किसी भी घटना से निपटने के लिए शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अतिरिक्त जिलाधीश बलराज सिंह मोर ने बताया कि व्यापारी व दुकानदारों के बंद के आह्वान के मद्देनजर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
एसडीएम जगनिवास को ओवरआल इंचार्ज लगाया गया है, जबकि नगर परिषद हद में शहर के पूर्वी भाग में तहसीलदार सोनीपत राजेंद्र गहलोत और पश्चिमी क्षेत्र में तहसीलदार गन्नौर राजेंद्र वर्मा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है।
उधर, बंद को सफल करने को लेकर कच्चे क्वार्टर एसोसिएशन के यशपाल, गीता भवन मार्केट एसोसिएशन के सतीश कुमार, भगत सिंह, खुशीराम, बत्रा मार्केट एसोसिएशन के रामजीदास ने बताया ने बताया कि मंगलवार के सोनीपत बंद को सफल बनाने के लिए गीताभवन चौक पर सुबह नौ बजे गीता भवन चौक पर एकत्र होंगे और प्रशासन और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
व्यापार मंडल के चेतनस्वरूप कुच्छल, नरेंद्र सिंह, पवन गोयल, रेलवे रोड मार्केट एसोसिएशन के तिलकराज, सुशील स्याल, सारंग रोड मार्केट एसोसिएशन के कृष्ण कपूर ने भी दुकानदारों से सोनीपत बंद को सफल बनाने का आह्वान किया।