कालांवाली. कालांवाली मंडी में रहने वाले एक लड़का लड़की ने घर से भागकर शादी रचा ली। कोर्ट के आदेश पर प्रेमी युगल को पुलिस सुरक्षा के बीच घर भेजा गया है।
23 अक्टूबर को घर से भागे थे
कांलावाली मंडी निवासी गगनदीप का मंडी की ही निवासी 19 वर्षीय पूजा रानी के साथ पिछले काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी के चलते दोनों बीते 23 अक्टूबर को घर से भाग निकले। लड़की के पिता दर्शन सिंह ने इस मामले को लेकर थाना कालांवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि मंडी निवासी गगनदीप उसकी लड़की को बहला-फुसला कर भगा ले गया है। पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शादी रचाने के बाद पहुंचे थाने
सोमवार को इस मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब प्रेमी युगल शादी रचाने के बाद थाना कालांवाली पहुंचे। पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए और शादी के कागजात की जांच की। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों को सुरक्षा के बीच गगनदीप के घर छोड़ा। उनकी सुरक्षा के लिए सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
अब दी सुरक्षा
कालांवाली के थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि इससे पहले लड़के पर मामला दर्ज था, मगर अब दोनों ने 29 अक्टूबर को चंडीगढ़ में शादी कर ली है। हाईकोर्ट के आदेश पर दोनों को सुरक्षा मुहैया कराई गई है। उन्होंने बताया कि सोमवार देर शाम को दोनों को घर छोड़ दिया है।