भीड़ में फंसी प्रियंका चौपड़ा
भास्कर न्यूज Tuesday, November 03, 2009 07:00 [IST]  

priankaअजमेर. बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चौपड़ा सोमवार को यहां सूफी संत ख्वाजा साहब की दरगाह में धक्का—मुक्की के बीच घिर गईं। प्रियंका की मौसी ने उन्हें बाहों में लेकर प्रशंसकों की भीड़ से बचाया। इस बीच कुछ प्रशंसक गिर पड़े।

प्रियंका नई फिल्म ‘प्यार इंपोसिबल’ और ‘अनजानी अनजाने’ की कामयाबी के लिए दरगाह में मन्नत मांगने आई थीं। निजामगेट के सामने प्रियंका वाहन से उतरीं तो प्रशंसकों ने घेर लिया। हर कोई उनकी एक झलक पाने को उमड़ पड़ा। मम्मी, मौसी, मेकअपमेन आदि के साथ आईं प्रियंका को जियारत कराने में सुरक्षा घेरा बनाकर पुलिसकर्मियों व खादिमों ने प्रशंसकों को दूर रखने की मशक्कत की लेकिन प्रशंसकों का हुजूम पीछे—पीछे था। खासी मशक्कत के बाद उन्हें आस्ताना शरीफ ले जाया गया, जहां उन्होंने मजार पर चादर—फूल चढ़ाए।

बाहर भी भीड़, किया अभिवादन

प्रियंका अंदर जियारत कर रही थीं तब आस्ताना के बाहर खासी भीड़ जमा हो गई। प्रियंका बाहर आईं तो लोग धक्का—मुक्की कर आगे बढ़ने और प्रियंका की झलक पाने का प्रयास करने लगे। प्रियंका को देखने के प्रति महिलाओं—युवतियों में खासा उत्साह था। अरकाट का दालान के पास भी लोगों की भीड़ थी। इस दौरान पीछे से प्रशंसकों की पुकार पर प्रियंका पीछे मुड़ीं और मुस्कान बिखेरी, हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

फैली अव्यवस्था, गिरे जायरीन

अहाता—ए—नूर से प्रियंका का काफिला गुजरते समय काफी अव्यवस्था फैली। वहां इबादत के लिए बैठी जायरीन महिलाओं को भीड़ से बचने के लिए भागना पड़ा। नमाज के लिए लगी रेलिंग गिर गईं। धक्का—मुक्की के बीच संदलखाना मस्जिद के सामने और निजामगेट पर कुछ जायरीन गिर पड़े। दरगाह में प्रियंका के साथ फोटो खिंचवाने के लिए खादिमों सहित प्रशंसकों का तांता लगा रहा। खादिम भी भीड़ को धकियाकर फोटो खिंचवाते नजर आए। इस पर प्रियंका ने उन्हें कहा—‘आप लोग तो हट जाइए’। प्रियंका की मौसी भी बोलीं—‘भई सांस तो लेने दो।’ इस बीच उचक्के एक मीडियाकर्मी समेत कई लोगों के मोबाइल फोन पार कर गए।

हड़बड़ी में गलत गाड़ी में बैठीं

प्रियंका वापसी में हड़बड़ी में लाल बत्ती लगी गलत गाड़ी में बैठ गईं। इस गाड़ी में एमडीएस यूनिवर्सिटी के कुलपति का परिवार दरगाह आया था। चौपड़ा इस गाड़ी में बैठकर मोती कटला तक चली गई। बाद में गाड़ी बदली गई।



  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: