बीकानेर. हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर वकीलों की अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना 78 वें दिन जारी रहा। वकीलों के आंदोलन को समर्थन देने स्वतंत्रता सेनानी हीरालाल शर्मा भी सोमवार को धरना स्थल पर पहुंचे।
स्वतंत्रता सेनानी शर्मा ने वकीलों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में बड़ी संख्या में लोगो ंने बलिदान देकर अपने देश को आजाद कराया लेकिन वर्तमान में भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में केन्द्र और राज्य सरकार जनता की आवाज नहीं सुन रही।
उन्होंने कहा कि वे वकीलों के आंदोलन में हर कदम पर साथ देंगे। धरनार्थियों को संबोधित करते हुए संभागीय संघर्ष समिति के संयोजक रामकृष्णदास गुप्ता ने कहा कि सरकार जनता की आवाज को दबाना चाहती है और हाइकोर्ट बैंच के मसले पर कोई निर्णायक कार्रवाई नहीं कर रही। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने कहा कि यह आंदोलन केवल अधिवक्ताओं का नहीं बल्कि उन लोगों का है जो न्यास की आस में दर-दर भटकते हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। पुरोहित ने बताया कि आंदोलन के तहत वकीलों द्वारा किया जा रहा क्रमिक अनशन भी 64 वें दिन जारी रहा।
क्रमिक अनशन पर सोमवार को एडवोकेट ओमप्रकाश शर्मा, राजकुमार महात्मा, पवन बंसल, मेघाराम गोदारा, लक्ष्मीनारायण सियाग, मोहन डूडी, सुरेन्द्रप्रतापसिंह आदि बैठे। इन सभी का स्वतंत्रता सेनानी शर्मा ने माला पहनाकर स्वागत किया। धरना स्थल पर बीकानेर पश्चिम के विधायक गोपालकृष्ण जोशी ने भी पहुंचकर वकीलों का समर्थन किया।