थर्मल. आखिर उन डिपो होल्डरों की मनमानी बंद हो गई, जो लोगों को चीनी से पहले मूंग की सड़ी-गली दाल लेने को मजबूर कर रहे थे। दैनिक भास्कर द्वारा यह मामला उठाए जाने के बाद डिपो होल्डरों ने मूंग की दाल को सोमवार को गायब कर दिया। लोगों को मांगने पर भी डिपो से दाल नहीं मिली।
गौरतलब है कि शोदापुर निवासी सुरजा पुत्र लीलू ने शिकायत की थी कि डिपो होल्डर उसे गली-सड़ी मूंग की दाल लेने को मजबूर कर रहा है। कहा गया कि चीनी तभी मिलेगी, जब मूंग की दाल लोगे। इस बात की जानकारी मिलने पर भास्कर संवाददाता ने गांव का दौरा किया और मामले को प्रमुखता से उठाया।
यह दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर का ही असर था कि शोदापुर ही नहीं नोहरा, रामनगर, जीतगढ़, सिसाना, सिंगपुरा, गढ़ी सिकंदरपुर, कावड़ी व बोहली गांवों में भी डिपो होल्डरों से सड़ी-गली दाल गायब हो गई। मांगने पर भी डिपो होल्डरों के पास दाल नहीं मिली। डिपो होल्डरों का कहना है कि उन्हें अधिकारियों के आदेश मिले हैं कि वे इस दाल को नहीं बेचें। उन्होंने इसे बेचना बंद कर दिया है।