पानीपत. न्यू बोहली गांव निवासी निर्मल सिंह को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को पीड़ित परिवार व अन्य ग्रामीण कैंप कार्यालय में डीसी विजय सिंह दहिया को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि रिफाइनरी प्रशासन ने जिला प्रशासन की अध्यक्षता में आश्वासन दिया था कि न्यू बोहली के विस्थापित परिवारों के एक-एक सदस्य को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार देंगे।
इसी कड़ी में रिफाइनरी प्रशासन ने अपने खर्चे पर बोहली के 25 युवकों को आईटीआई करवाई, लेकिन इनमें से महज छह युवकों को ही रोजगार दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि न्यू बोहली के युवकों को रोजगार दिलाया जाए और निर्मल सिंह की इलाज में मदद की जाए।
डीसी विजय सिंह दहिया ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मंगलवार को रिफाइनरी प्रशासन, जिला प्रशासन व ग्रामीणों की रिफाइनरी टाउनशिप में एक बैठक बुलाई गई है। इसी दौरान कोई फैसला लिया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामीण सज्जन सिंह, रमेश कुमार, दर्शन सिंह, बुल्ली राम, शिशा सिंह, कुलमीत सिंह, विक्रम सिंह और प्रेम सिंह सहित काफी ग्रामीण मौजूद रहे।
यह है मामला
राष्ट्रपति को पत्र लिखने के बाद भी न्याय न मिलने पर न्यू बोहली निवासी 34 वर्षीय निर्मल सिंह ने रविवार को डीसी कार्यालय में जहरीला पदार्थ खा लिया। माडल टाउन पुलिस ने निर्मल सिंह को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार को डाक्टरों ने बताया कि निर्मल सिंह की तबीयत में थोड़ा सुधार है।
राष्ट्रपति को दी शिकायत में निर्मल सिंह ने कहा कि रिफाइनरी अधिकारियों के कहने पर उसने अपने भाई राजेंद्र पाल को आईटीआई में फिटर का कोर्स करवाया। कोर्स पूरा होने का बाद रिफाइनरी अधिकारियों ने उसके भाई को नौकरी देने से मना कर दिया। अधिकारियों से बार-बार मिलने पर भी उसकी सुनवाई नहीं हुई।
करेंगे कार्रवाई
निर्मल सिंह की हालत के बारे में डाक्टरों की सलाह ली जाएगी। हालत दुरुस्त होने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - पवन हुड्डा प्रभारी, थाना मॉडल टाउन