नई दिल्ली. पलवल, फरीदाबाद, गाजियाबाद , साहिबाबाद से रोजी रोटी कमाने के लिए दिल्ली आने वालों के लिए खुशखबरी है। उन्हें रोज लंबी-लंबी पंक्तियों में घंटों खड़े होकर रेल टिकट लेने के झंझट से जल्द ही छुटकारा मिल जाएगा। उन्हें अब रोज यात्रा के दौरान कैश साथ लेकर चलने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। वे बिना टिकट भी यात्रा कर सकेंगे। चौंकिए मत। जल्द ही यात्रियों के सपने साकार होने वाले हैं।
दरअसल, एनसीआर के विभिन्न इलाकों से दिल्ली ऑफिस आने वाले डेली पैसेंजरों के लिए रेलवे स्मार्ट कार्ड योजना शुरू करने जा रहा है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अनंत स्वरूप के मुताबिक, यह सुविधा फिलहाल दिल्ली एवं पलवल के बीच शुरू की जाएगी। 70 वेंडिग मशीनों की खरीदारी कर ली गई है। जल्द ही इन्हें विभिन्न स्टेशनों पर लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
15 नवंबर से यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि स्मार्ट कार्ड 50,100, 150 यानी 50 रुपए के गुणांक में होगा। यात्री अपनी जरूरत के हिसाब से अपना स्मार्ट कार्ड रिचार्ज करा सकेंगे। स्टेशनों पर लगी वेंडिग मशीन पर स्मार्ट कार्ड के इंट्री कर यात्री यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि अगर यह सुविधा सफल हुई तो भविष्य में इसका विस्तार किया जाएगा। गौरतलब है कि दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन काफी पहले से यात्रियों के लिए स्मार्ट कार्ड जारी कर रखा है।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट कार्ड से न केवल यात्रियों को बल्कि रेलवे को भी काफी लाभ होगा। यात्रियों को टिकट लेने के समय भीड़-भाड़ से छुटकारा तो मिलेगा ही साथ ही कैश साथ लेकर यात्रा करने से भी उन्हें मुक्ति मिल जाएगी। उधर रेलवे को भी रश-आवर में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करने से मुक्ति मिल जाएगी।