मुंबई. दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज सितारे कमल हासन के प्रशंसकों के लिए मनोरंजन के मामले में यह सोने पर सुहागा वाली बात है।
कमल अपनी बेटी श्रुति हासन के साथ एक फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं। इस बारे में कमल का कहना है, ‘श्रुति और मैं पिछले कुछ समय से एक साथ काम करने के बारे में सोच रहे थे। हाल ही में मुझे एक दिलचस्प स्क्रिप्ट मिली है और जब मैंने यह श्रुति को दिखाई तो उसे भी यह बेहद पसंद आई। हम अभी इस पर काम कर रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही इसे सही अंजाम तक पहुंचा पाएंगे।’
गौरतलब है कि अपने इस शानदार कॅरियर में कमल हासन ने अब तक वह सब कुछ हासिल किया है, जो किसी भी अभिनेता की चाहत हो सकती है। हालांकि खुद कमल अपने परिवार और बच्चों को ही अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानते हैं। इस बारे में उनका कहना है, ‘मुझे लगता है कि मेरा परिवार और बच्चे ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी हैं। मैं उन्हें अपनी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि मानता हूं। एक पिता होने के नाते मुझे अपनी बेटी पर गर्व है।
मुझे बेहद खुशी है कि लोगों ने श्रुति को स्वीकार किया और उसने जो कॅरियर चुना, उसमें वह सफल रही। वह एक प्रतिभाशाली लड़की है और उसका कॅरियर जिस तरह आकार ले रहा है, उससे मैं खुश हूं।’