कंगना का ‘सोप’ओपेरा
Bhaskar News Tuesday, November 03, 2009 11:16 [IST]  

मुंबई. लगता है कंगना राणावत अब एक और विवाद में उलझ गई हैं। हाल ही में साबुन के एक प्रतिष्ठित ब्रांड की ओर से कहा गया कि वह पहले कंगना को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाना चाहता था, लेकिन उनके अतीत से जुड़े कुछ विवादों को देखते हुए उसने अपनी यह योजना रद्द कर दी। हालांकि कंगना का कहना है कि उनकी इस बारे में कंपनी के किसी अधिकारी से कोई चर्चा ही नहीं हुई।



इस संदर्भ में कंपनी से जुड़े एक शख्स ने बताया, ‘हम अपने सोप ब्रांड के लिए सोनाली बेंद्रे की जगह कंगना राणावत को लाने के बारे में सोच रहे थे। इस बारे में कंगना हमारी पहली पसंद थीं, लेकिन बाद में हमें लगा कि हम उनसे अतीत से जुड़ी कुछ बातें नजरअंदाज कर रहे हैं। कंगना अतीत में कुछ विवादों से घिरी रही हैं। खासकर पूर्व बॉयफ्रेंड आदित्य पंचोली के साथ उनकी लड़ाई सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गई थी। कंगना से जुड़े विवादों को देखते हुए हमने उन्हें लेने का विचार त्याग दिया।’



वहीं कंगना के प्रवक्ता का कहना है, ‘कंगना की इस सोप ब्रांड के साथ कभी कोई चर्चा नहीं हुई। वास्तव में उन्होंने कोई ब्रांड साइन ही नहीं किया। वह एंडोर्समेंट के लिए तैयार हैं, लेकिन इस ब्रांड का प्रस्ताव कभी उनके पास आया ही नहीं। कंगना खुद के बारे में ऐसी बेतुकी, आधारहीन अफवाहों से परेशान हैं।’

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: