मुंबई. तकरीबन सात साल पहले टीवी रियलिटी शो ‘रोडीज’ में जीत हासिल करने के बाद रणविजय ने वीजे का कॅरियर अपनाया था। अब वह फिल्मों में अभिनय करते हुए नाम तो कमाना चाहते हैं, लेकिन वीजेइंग को नहीं छोड़ना चाहते।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले रणविजय फिल्म ‘टॉस’ में अहम किरदार में नजर आए थे, लेकिन यह फिल्म दर्शकों में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रही। फिलहाल रणविजय अपने बॉलीवुड कॅरियर और वीजेइंग में संतुलन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। इस बारे में रणविजय का कहना है, ‘मैंने हाल ही में तीन फिल्मों की शूटिंग खत्म की है, लेकिन मैं वीजेइंग को नहीं छोड़ना चाहता।
मैंने देखा है कि साइरस ब्रोचा ने वीजे रहते हुए भी किस तरह अपने लिए जगह बनाई है। मुझे लगता है कि मैं दोनों तरह के काम करते हुए भी सफल हो सकता हूं। रियलिटी शो के साथ जुड़ने में सिर्फ एक समस्या यह है कि आप हर समय शूटिंग कर रहे होते हैं। ऐसे में यदि आप कुछ फिल्में भी हाथ में लेते हैं तो आपको अपनी ओर से थोड़ी और मेहनत करनी होगी। वैसे भी यदि आपको फिल्मों के ऑफर मिलते हैं, तो आप उन्हें यूं ही तो नहीं जाने दे सकते।’