मुंबई. हाल ही में ऋतिक रोशन ने अपनी पत्नी सुजैन रोशन के जन्मदिन के अवसर पर एक पार्टी का आयोजन किया था, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड के अन्य सितारों के अलावा सलमान खान को भी आमंत्रित किया था, लेकिन सलमान ने अपनी लाचारी जताते हुए आने से इनकार कर दिया।
कहीं इसकी वजह यह तो नहीं कि सलमान जानते थे कि इस पार्टी में शाहरुख खान भी अपनी पत्नी गौरी के साथ मौजूद होंगे? बहरहाल, सूत्रों के मुताबिक सलमान ने डुग्गू से यह कहते हुए माफी मांग ली कि वह काम के सिलसिले में दिल्ली जा रहे हैं, लिहाजा उनकी पार्टी में शामिल नहीं हो सकते। सुनने में आया है कि सलमान ने ऋतिक से फोन पर चर्चा करते हुए कहा कि वह उन्हें अपने छोटे भाई की तरह मानते हैं। उन्होंने ऋतिक को सलाह दी कि वह अपने ऊपर काम का ज्यादा बोझ न लादें और अपनी पत्नी व दोनों बेटों रिदान व रेहान को पूरा समय दें।
गौरतलब है कि ऋतिक भी सलमान की काफी इज्जत करते हैं और फिल्म ‘करण अजरुन’ के निर्माण के समय जब वह अपने पिता राकेश रोशन को असिस्ट कर रहे थे, तब सलमान ने उन्हें एक्टिंग के अलावा बॉडी बनाने के बारे में भी टिप्स दिए थे। सलमान की बात मानते हुए ऋतिक ने अपनी एक्टिंग स्किल्स के साथ-साथ बॉडी को भी संवारा और इसी का असर है कि आज वह सुपरस्टार हैं और सलमान के साथ-साथ उनकी गिनती भी बॉलीवुड के माचो हीरोज में की जाती है।