जिनेवा। साफ पानी में पाई जाने वाली मछलियों की एक हजार से ज्यादा प्रजातियों के विलुप्त होने का खतरा है। हाल ही में जारी एक रिपोर्ट में इस पर चिंता जताई गई है।
इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजरवेशन ऑफ नेचर (आईयूसीएन) की रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर की 47 हजार से ज्यादा प्रजातियों को इस सूची में शामिल किया गया है। वैज्ञानिकों ने इस वर्ष स्वच्छ जल की 3120 मछलियों का अध्ययन किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 510 ज्यादा है। उन्होंने पाया कि 1147 या एक तिहाई प्रजातियों पर विलुप्ति का खतरा है।
आईयूसीएन के प्रजाति कार्यक्रम के उप प्रमुख ज्यां क्रिस्तोफे वाइ ने कहा कि स्वच्छ जल में रहने वाले प्राणियों की लंबे समय तक उपेक्षा हुई है। वैज्ञानिकों ने लाल सूची में 1360 व्याध पतंगों और कीटों को भी जोड़ा है और पाया कि कुल 1989 में से 261 के विलुप्त होने का खतरा है।