नई दिल्ली. चोटों ने जैसे ऑस्ट्रेलिया की टीम से चोली दामन का रिश्ता जोड़ लिया है| हीरो होंडा कप का चौथा मैच जीतने वाली कंगारुओं की सेना का एक और सिपाही घायल हो गया है| ब्रेट ली और जेम्स होप्स के बाद अब तेज़ गेंदबाज़ पीटर सिडल भी स्वदेश लौटने की तयारी कर रहे हैं|
मोहाली वनडे के दौरान सिडल की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था| क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा जारी एक वक्तव्य के अनुसार तेज़ गेंदबाज़ पीटर सिडल उल्टे पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण ऑस्ट्रेलिया वापस लौटेंगे|
गौरतलब है कि सिडल सोमवार रात हुए मैच में सिर्फ पांच ओवर ही गेंदबाजी कर पे थे| ऑस्ट्रेलिया के फिसियो केविन सिम्स ने कहा है कि सिडल कि चोट गंभीर नहीं है| पर हम उसकी फिटनेस के साथ कोई रिस्क नहीं लेना चाहते| इसलिए हमने उन्हें स्वदेश वापस भेजने का निर्णय लिया है जहाँ उन्हें ज़रूरी इलाज दिया जाएगा|
सीए कि प्रमुख चयन समिति अभी उनके स्थान पर भेजे जाने वाले खिलाडियों के नाम पर चिंतन कर रही है|
ऑस्ट्रेलिया कि दिक्कत हर मैच के साथ बढाती जा रही है| विश्व विजेता पहले ही अपनी आधी ताकत के साथ भारत आये थे| उनके उप-कप्तान माइकल क्लार्क पहले ही चोटिल हैं| उस पर यहाँ आकर हालत और बिगड़ गए | ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ ब्रेट ली, हरफनमौला खिलाडी जेम्स होप्स और विकेटकीपर बल्लेबाज़ टिम पैन पहले ही चोट लगने के कारण स्वदेश वापस लौट चुके हैं|
फिलहाल श्रंखला में भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही दो-दो मैच जीत कर बराबरी पर हैं| हीरो होंडा कप का पांचवा मुकाबला गुरूवार को हैदराबाद में होना है|