International
बांग्लादेशी अदालत ने हूजी प्रमुख को पुलिस कस्‍टडी में भेजा
Agency Tuesday, November 03, 2009 14:52 [IST]  

ढाका। बांग्लादेश की एक अदालत ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हरकत-उल-जिहाद अल इस्लामी (हूजी) के संस्थापक शेख अब्दुस सलाम को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।



सलाम को वर्ष 2004 में प्रधानमंत्री शेख हसीना की रैली पर किए गए ग्रेनेड हमले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सीआईडी ने सलाम को दस दिन के लिए हिरासत में दिए जाने के अनुरोध के साथ उसे अदालत में पेश किया। इसके बाद द्वितीय अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट हबीबुर रहमान सिद्दीकी ने सलाम को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेजने के आदेश दिए।



सीआईडी अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने सलाम को सोमवार को गिरफ्तार किया। इससे पहले सीआईडी ने पूर्व जूनियर गृह मंत्री लतीफुज्जमां बाबर से हमले में कथित संलिप्तता के आरोप में पूछताछ की थी।



सीआईडी के एक अधिकारी ने बताया कि सलाम से 2004 में अवामी लीग पार्टी की रैली पर किए गए ग्रेनेड हमले में कथित संलिप्तता के संदेह में पूछताछ की जाएगी। इस रैली को हसीना ने संबोधित किया था। हमले में हसीना को मामूली चोट आई थी लेकिन कम से कम 24 लोग मारे गए थे और 400 से अधिक घायल हो गए थे।



बांग्‍लादेश के एक प्रमुख अखबार 'समकाल' में प्रकाशित खबर में कहा गया है कि इस्लामी डेमोक्रेटिक पार्टी के वर्तमान प्रमुख सलाम को पूर्व जूनियर गृहमंत्री लुत्फुज्जमान बाबर से मिली जानकारी के बाद गिरफ्तार किया गया। उधर, डेली स्टार में प्रकाशित खबर में कहा गया है कि सलाम को पूर्व में गिरफ्तार किए गए हूजी प्रमुख मुफ्ती अब्दुल हन्नान के इकबालिया बयान के आधार पर हिरासत में लिया गया।



प्रतिबंधित हूजी पर भारत में कई आतंकवादी हमले करने में संलिप्त होने का संदेह है। हूजी ने पिछले साल ढाका में तत्कालीन कार्यवाहक सरकार से अनुमति ले कर आईडीपी की स्थापना की। मीडिया की खबरों में सलाम के पारिवारिक सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सीआईडी की टीम ने रविवार को ढाका में एक अदालत परिसर से उसे गिरफ्तार किया गया। सलाम एक अन्य बम विस्फोट मामले के सिलसिले में अदालत में पेश होने गया था।



जांच एजेंसी के मुताबिक बाबर ने कुछ महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं जिन्हें बाद में सार्वजनिक किया जाएगा। सलाम की गिरफ्तारी से करीब एक सप्ताह पहले कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों में कहा गया था कि ग्रेनेड हमला हसीना को मारने का षडयंत्र था जिसे विपक्षी बीएनपी नेताओं ने पार्टी प्रमुख खालिदा जिया के पुत्र के कार्यालय में रचा था।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: