जिम्बाब्वे का पांचवां न्यूनतम वनडे स्कोर
नई दिल्ली. जिम्बाब्वे ने आज चटगांव में बंगलादेश के खिलाफ चौथे वनडे में 24.5 ओवर में मात्न 44 रन पर लुढ़ककर एकदिवसीय क्रिकेट इतिहास का पांचवा सबसे कम स्कोर बना दिया। वनडे में सबसे कम स्कोर बनाने का रिकार्ड वैसे जिम्बाब्वे के नाम ही है जिसने 25 अप्रैल 2004 को हरारे में श्रीलंका के खिलाफ 18 ओवर में 35 रन बनाए थे।
दिलचस्प बात है कि वनडे में पांच न्यूनतम स्कोर में से तीन जिम्बाब्वे के नाम ही हैं। कनाडा इस क्रम में दूसरे नम्बर पर है। उसने 19 फरवरी 2003 को पर्ल में श्रीलंका के खिलाफ 18.4 ओवर में 36 रन बनाए थे। तीसरे क्रम पर भी जिम्बाब्वे ही है जिसने आठ दिसंबर 2001 को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ 15.4 ओवर में 3 रन बनाए थे।
चौथे नंबर पर पाकिस्तान है जिसने 25 फरवरी 1993 को केपटाउन में वेस्ट इंडीज के खिलाफ 43 रन बनाए थे। बांग्लादेश के खिलाफ किसी भी टीम का यह सबसे कम स्कोर है। हांगकांग ने इससे पहले 2004 में कोलंबो में एशिया कप के मैच में बांग्लादेश के खिलाफ 105 रन बनाए थे।










