चटगांव. बांग्लादेश ने पांच एकदिवसीय मैचों की सीरीज के चौथे मैच में जिम्बाब्बे को आज आसानी से छह विकेट से शिकस्त देकर सीरीज 3-1 से जीत ली और अब पांच नवम्बर को खेला जाने वाला फाइनल मैच औपचारिकता मात्र रह गया है। जिम्बाब्वे पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश के गेंदबाजों के सामने मात्र 44 रन ही बना पाया। बांग्लादेश के खिलाफ किसी टीम का यह न्यूनतम स्कोर रहा।
जवाब में बांग्लादेश ने मात्र 11.5 ओवर में चार विकेट पर 49 रन बनाकर आसानी से मैच जीत लिया। मध्यक्रम के बल्लेबाज रकीबुल हसन ने लंबे छक्के के साथ मैच का समापन किया। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नजमुल हसन और स्पिन गेंदबाज अब्दुर रज्जाक ने दो-दो विकेट हासिल किए। उन्होंने प्रारंभ में ही जिम्बाब्वे को झटके पर झटके दिए जिससे वह उबर नहीं पाया।
एक समय तो उसका स्कोर चार विकेट पर मात्र आठ रन था। स्पिन गेंदबाज इनामुल हक जूनियर और शकीब अल हसन जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों के लिए कहर साबित हुए। दोनों ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। वह पहली बार किसी टीम के खिलाफ दस विकेट से जीत हासिल करने की तरफ बढ़ रहा था।
एक समय उसका स्कोर बिना कोई विकेट खोए 33 रन था लेकिन स्पिन गेंदबाजों के लिए उपयुक्त पिच पर उसने चार विकेट लगातार खो दिए। जिम्बाब्वे की तरफ से रेमंड प्राइस और ग्रीम क्रेमर ने दो-दो विकेट हासिल किए।