अम्बाला सिटी. पुरानी रंजिश के चलते शराब के नशे में धुत चार युवकों ने अपने ही सहयोगी की पेंचकस से गोदकर हत्या कर दी। सोमवार रात वारदात को जलबेड़ा रोड पर सूर्या पब्लिक स्कूल के ठीक सामने वारदात को अंजाम दिया।
जिसका खुलासा मंगवलार सुबह वारदात में संलिप्त दो आरोपियों से पूछताछ के बाद हुआ। इलाका पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही युवक के शव का सिटी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया है।
सिटी के न्यू रतनगढ़ कालोनी में रहने वाले मृतक 24 वर्षीय सोनू के भाई राजपाल ने बताया कि सोमवार रात सोनू को कुछ लड़के अपने साथ बुलाकर ले गए थे। जिसके बाद काफी देर तक सोनू घर नहीं लौटा। इस बीच उन्होंने पूछताछ की मगर कुछ पता नहीं चला। थोड़ी देर बाद दो युवक उनके घर पहुंचे।
जिन्होंने बताया कि सोनू सूर्या पब्लिक स्कूल के सामने गिरा पड़ा है और उसकी छाती से खून बह रहा है। इतना सुनते ही वह लोग मौके पर पहुंचे। जहां सोनू मृत पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। परिजनों के मुताबिक सोनू की हत्या उसके दोस्त सन्नी व नीटू ने कुछ युवकों के साथ मिलकर की है। क्योंकिपहले भी इन लोगों का सोनू के साथ झगड़ा हुआ था।
जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया। युवकों ने बताया कि उन्होंने सोनू की हत्या पेंचकस से की है। जिसमें दो युवक भी शामिल हैं। पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
युवकों को हिरासत में लिया
पुरानी रंजिश के चलते युवक को मौत के घाट उतारा गया है। मामला दर्ज करने के बाद दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। दो की तलाश जारी है। - रविंद्र सेठी, थाना प्रभारी, अम्बाला सिटी