महिला कांस्टेबल के गले से झपटी चेन
Bhaskar News Wednesday, November 04, 2009 01:13 [IST]  

अम्बाला सिटी. मंगलवार को सिटी में दो जगह चेन स्नेचिंग की वारदातों ने पुलिसिया बंदोबस्त की पोल खोलकर रख दी है। चेन स्नेचरों के हौंसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वह महिला पुलिसकर्मी के गले पर भी हाथ साफ करने से नहीं डरते।



इसी का नतीजा रहा कि दोपहर बाद मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश युवकों ने पहले माडल टाउन के नजदीक महिला कांस्टेबल के गले से चेन झपटी। फिर बाद में सेक्टर नौ के नजदीक इनेलो नेत्री शशि केसरी को अपना निशाना बनाया। हालांकि पुलिस ने दोनों वारदातों को रिकार्ड में दर्ज कर लिया है।



मगर अभी तक वारदात को अंजाम देने वाले झपटमार पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। असल में बलदेव नगर थाने में कार्यरत महिला कांस्टेबल दया रानी दोपहर को एटीएम से पैसे निकलवाने के लिए इंको की तरफ गई थी। जब वह पुलिया के नजदीक पहुंची तो पीछे से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसके गले पर हाथ मारा और सोने की कीमती चेन झपट ली।



युवकों के हौंसले देखकर महिला कांस्टेबल ने शोर मचाया। लेकिन तब तक युवक आसपास मौजूद लोगों की पहुंच से खासे दूर जा चुके थे। इसी के ठीक पंद्रह मिनट बाद दोनों युवकों ने सेक्टर नौ में रहने वाली इनेलो महिला विंग की अध्यक्ष शशि केसरी को विशाल पब्लिक स्कूल के नजदीक अपना निशाना बनाया।



उस समय शशि केसरी अपने भतीजे को लेने स्कूल पहुंची थी। जहां गेट के बाहर वह उसकी प्रतीक्षा कर रही थी। उसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसके गले पर हाथ मारकर सोने की चेन झपट ली।



हालांकि शशि केसरी के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई थी। लेकिन चेन स्नेचर लोगों के हत्थे नहीं चढ़ सके। इधर, एक के बाद एक क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की दो वारदातों से सहमी पुलिस ने उसी समय क्षेत्र में नाकाबंदी की। मगर तमाम प्रयास नाकाम साबित हुए।



इससे पहले भी हुई कई वारदातें



इससे पहले भी क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की कई वारदातें दोहराई जा चुकी है। जिनकी तमाम शिकायतें पुलिस के रिकार्ड में धूल फांक रही है। मगर इलाका पुलिस आज तक चेन स्नेचरों का सुराग नहीं तलाश पाई। दिलचस्प बात यह है कि चेन स्नेचर दो-तीन माह बाद उभरते हैं।



पांच-दस वारदातों को अंजाम देने के बाद यह आराम से बैठ जाते हैं। लेकिन कीमती चेनों का दाम शून्य होने के बाद यह स्नेचर फिर से सक्रिय हो जाते हैं। यही कारण है कि पुलिस भी आज तक इनके कालर तक नहीं पहुंच पाई।



रिकार्ड में ली वारदात



महिला कांस्टेबल के गले से सोने की चेन झपटी गई है। सेक्टर नौ में भी चेन स्नेचिंग की वारदात का होना सुना गया है। पुलिस ने कांस्टेबल के साथ हुई वारदात को रिकार्ड में ले लिया है। - रविंद्र सेठी बलदेव नगर थाना प्रभारी

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: