ऊना/नालागढ़. 1984 के दंगों के विरोध में मंगलवार को पंजाब बंद के चलते प्रदेश में पंजाब से सटे जिलों में भी बसों की आवाजाही काफी प्रभावित हुई। सैकडों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यहां से लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, नवांशहर, होशियारपुर, पठानकोट की तरफ दिन भर परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों की आवाजाही ठप रही। ऊना के रास्ते आने वाली पंजाब रोडवेज की बसें भी नहीं चली। दिन-भर बस स्टैंड पर सैकडों यात्री पंजाब के विभिन्न स्थानों के लिए बसों का इंतजार करते रहे। होशियारपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे रणजीत सिंह, खुशपाल सिंह, नरेंद्र कुमार, जगतार सिंह और राकेश ने कहा कि वह सुबह से बस स्टेंड में खड़े हैं, लेकिन बस न मिलने से उन्हें काफी परेशानी हुई है।
बदलने पड़े रूट
बंद के चलते दिल्ली, चंडीगढ़, अंबाला, देहरादून, हरिद्वार की तरफ जाने वाली बसों का रूट डाइवर्ट किया गया था। इन स्थानों को परिवहन निगम की बसें ऊना से भाखड़ा, नैनादेवी वाया नालागढ़ के रास्ते चलाई गई। इससे यात्रियों को निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हुई। एचआरटीसी ऊना डिपो के डीडीएम एचके बहल ने बताया कि निगम के करीब 15 रूट्स प्रभावित हुए हैं। दिल्ली, चंडीगढ़, देहरादून और हरिद्वार के लिए भाखड़ा-नालागढ़ के रास्ते बसों को भेजा गया। पंजाब की तरफ निगम की बसें बंद रहीं।