शिमला. प्रदेश सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर सेवाएं प्रदान करने के लिए मैस्को एयरलाइंस के साथ अनुबंध किया है। सरकार की ओर से सचिव (सामान्य प्रशासन) एवं कंपनी की ओर से महाप्रबंधक ने अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।
मैस्को का हेलीकॉप्टर 1.49 लाख रुपए प्रति घंटा के हिसाब से उड़ान भरेगा। मैस्को एयरलाइंस का हेलीकॉप्टर 15 दिसंबर से किन्नौर, लाहौल—स्पीति और चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र के लिए लिया गया है। सचिवालय (सामान्य प्रशासन) ने प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के लिए बीते सितंबर में हेलीकॉप्टर कंपनियों से निविदाएं मांगी थीं।
पांच कंपनियों ने जनजातीय क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर सेवा देने के लिए आवेदन किया था। पांच महीने तक जनजातीय क्षेत्रों में उड़ान भरने वाला मैस्को एयरलाइंस का 28 सीटर हेलीकॉप्टर 1.49 लाख रुपए प्रति घंटा की दर से है, जब कि सरकार की तरफ से अनुबंध पर लिया गया छोटा उड़नखटोला 1.75 लाख रुपए प्रति घंटा के रेट के कारण सरकारी खजाने पर महंगा सौदा साबित हो रहा है। लोगों का कहना है कि एजी (अकाउंटेंट जरनल) हेलीकॉप्टर के रेट को लेकर सरकार से सवाल कर सकते हैं।