पंजाब बंद : थम गई रफ्तार
Bhaskar News Wednesday, November 04, 2009 01:35 [IST]  

कुरुक्षेत्र. पंजाब में ट्रेन मार्ग बंद रहने के चलते कुरुक्षेत्र और दिल्ली से चले यात्रियों को भी मुसीबत झेलनी पड़ी। ट्रेनों के यकायक हुए ठहराव के चलते जहां यात्रियों को चार से पांच घंटे तक स्टेशन पर ही बिताने पड़े वहीं कई यात्रियों ने इंतजार न करके टैक्सी और बसों के जरिए ही पंजाब पहुंचने में भलाई समझी। वहीं दूसरी ओर कई यात्रियों ने ट्रेन पर ही विश्वास जताया और सड़क मार्ग के भी बाधित होने की आशंका के चलते ट्रेनों में बैठकर अपना टाइम पास किया।



करनाल से किया चलता



शान-ए-पंजाब ट्रेन से यात्रा कर रहे दिल्ली से चले लुधियाना वासी आरके सहगल ने बताया कि पहले तो इस ट्रेन को करनाल स्टेशन पर ही खड़ा कर दिया गया था। लेकिन जब यात्रियों ने स्टेशन पर खाने-पीने की सुविधाओं की मांग स्टेशन मास्टर से की तो उन्होंने ट्रेन को कुरुक्षेत्र चलता कर दिया।



सहगल कहते हैं कि यहां पर यात्रियों को खाने-पीने की चीजें तो ठीक मिल रही हैं लेकिन महिलाएं अपने घर जल्दी पहुंचने को लेकर घबराई हुई थीं। लुधियाना के पपिंद्र सलूजा, हरविंद्र, रमिंद्र और हरमीत का कहना था कि स्टेशन पर ट्रेन को खड़ी हुए चार घंटे हो गए हैं। साढ़े 12 बजे ट्रेन को जालंधर होना चाहिए था लेकिन अभी तक वे कुरुक्षेत्र स्टेशन पर ही अटके हुए हैं।



बसों का लिया सहारा



शान-ए-पंजाब ट्रेन में दिल्ली से सफर कर रहे अमरजीत, अर्शप्रीत, बबली और गौतम ने बताया कि वे अपने घर पहुंचना चाहते हैं। अगर ट्रेन के चक्कर में रहे तो कहीं अगला दिन ही न हो जाए क्योंकि स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही इसलिए वे टैक्सी में ही घर जाना मुनासिब समझते हैं।



उन्हीं की तरह अन्य कई यात्री भी स्टेशन से बाहर निकलकर बसों और टैक्सी स्टेंड के लिए लोगों से पूछते रहे। इसके अलावा कई यात्रियों ने सड़क मार्ग के भी बाधित होने की आशंका जताकर ट्रेन से ही सफर करने की बात कही। दिल्ली जाने वाली सभी ट्रेनें जहां चार घंटे की देरी से चल रही हैं वहीं पंजाब की ओर जाने वाली ट्रेनें पश्चिम एक्सप्रेस, ब्रूनी एक्सप्रेस, 4673 और सुपर सहित कई ट्रेनें भी देरी से चल पाई।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: