कुरुक्षेत्र. जुलाई में अरमेनिया में हुई कुलबीर हत्या एवं धोखाधड़ी मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी ना होने से परिजनों और रिश्तेदारों में खासा रोष व्याप्त है। मंगलवार शाम को कुलबीर के परिजन एवं ग्रामीणों ने डीएसपी हैडक्वार्टर से मुलाकात की और मामले की जांच तेज करने की मांग की।
बता दें कि रतगल वासी कुलबीर सिंह की गत जुलाई में अरमेनिया में हत्या हो गई थी। कुलबीर मई 2009 में स्थानीय एजेंटों की मार्फत घर से ग्रीस के लिए निकला था। लेकिन वह ग्रीस की बजाय अरमेनिया पहुंच गया।
कुलबीर के पिता गुरदेव, भाई जगतार , डा. सतेंद्र, पवन व पड़ोसी सतेंद्र सिंह के मुताबिक एजेंटों ने उन लोगों के साथ धोखा किया और साढ़े 14 लाख रुपए लेकर उसे ग्रीस की बजाए अरमेनिया भेज दिया। यहां से जाने के बाद से उसकी कोई खबर नहीं मिली।
जब भी वे इस बाबत उक्त एजेंटों से पूछते तो वे बहाना बना कर टरका देते। अक्टूबर माह में उन्हें भारतीय दूतावास से कुलबीर की अरमेनिया में हत्या होने की सूचना मिली। उसकी हत्या जुलाई माह में हो चुकी थी। कुरुक्षेत्र पुलिस ने पिता की शिकायत पर यहां ज्योतिसर वासी सुरजीत, कुरुक्षेत्र वासी राजेश व लक्ष्मी पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया था।
राजेश व सुरजीत को कुछ दिन पहले पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि लक्ष्मी अभी गिरफ्तार नहीं हो सकी। परिजनों ने मंगलवार को डीएसपी भूपेंद्र सिंह से मिल आरोपी महिला को गिरफ्तार करने की मांग की। डीएसपी भूपेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।