शिमला. रोहड़ू उपचुनाव में अब भाजपा-कांग्रेस की जंग मुख्यमंत्री प्रेम कुमार और केंद्रीय इस्पात मंत्री वीरभद्र सिंह के बीच सिमट कर रह गई है। इस हाई प्रोफाइल सीट के लिए प्रचार का आखिरी दौर चल रहा है और दोनों दलों के बीच स्टार वार शुरू हो चुकी है।
मंगलवार को प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के सबसे कद्दावर नेता अपनी-अपनी पार्टी की जमीन मजबूत करने के लिए रोहड़ू में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने जहां खुशी राम बालनाहटा की राहें आसान करने के लिए प्रचार की कमान संभाल ली है तो वीरभद्र सिंह मंजीत ठाकुर की बुनियाद पक्की करने में डट गए हैं।
कांग्रेस यहां के विकास का पूरा श्रेय खुद को ले रही है तो भाजपा यह दावा कर रही है कि अगर भाजपा जीती तो रोहड़ू में अतुलनीय विकास होगा। रोहड़ू को जिला बनाने का जिन्न एक बार फिर बोतल से बाहर है जबकि कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार रोहड़ू के साथ हमेशा भेदभाव करती आई है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन वीरभद्र रोहड़ू में रैली के बहाने घेराबंदी करेंगे। वहीं, धूमल कभी कांग्रेस का गढ़ रहे डोडरा क्वार में रैली कर सेंधमारी करेंगे।