आदमपुर. सिख जत्थेबंदियों के आह्वान पर पंजाब बंद की कॉल का देहाती इलाकों में खासा असर दिखा। मंगलवार को आदमपुर में पूर्ण बंद रहा। निरवैर खालसा दल और गुरु नानक सभा ने बंद के समर्थन में अपने संस्थान बंद रखने की अपील की थी। बंद की कॉल का कई अन्य संगठनों ने भी समर्थन किया था।
मेन रोड स्थित रामगढ़िया गुरुद्वारा पर सिख समुदाय ने 1984 के दंगों के दोषियों को ढाई दशक बाद भी सजा नहीं मिलने पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शहर में मैडिकल और बैंक संस्थानों को छोड़ सभी संस्थान और बाजार बंद रहे। किसानों की परेशानी के मद्देनजर दाना मंडी भी खुली रही। प्रदर्शनकारियों में सरपंच बाज सिंह कालरा, सुखजीत सिंह डरोली, नरिंदर सिंह, रणविजय सिंह, हैड ग्रंथी जोगिंदर सिंह, जत्थेदार कुलविंदर सिंह, निरकांर सिंह, इकबाल सिंह, मनविंदर सिंह भाटिया, परमिंदर सिंह खालसा, अमरीक सिंह, मनजीत सिंह सैनी व हिंदू संगठनों में महाराजा अग्रसेन युवा मोर्चा के प्रधान संजीव गुप्ता, श्री हनुमान मंदिर चैरीटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतपाल बजाज, मैढ़ राजपूत सभा के अमित वर्मा, महिला मंडल की प्रधान शशिबाला मौजूद थे।
पंजाब बंद के दौरान करतारपुर और दयालपुर में भी व्यापक बंद रहा। बंद के दौरान किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस की गश्त जारी रही। खुली हुई चंद दुकानों को बाइक सवार युवकों ने बंद करवा दिया। बंद के चलते जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाई प्रभावित रही जिससे यात्री परेशान हुए। दुकानदारों ने क्रिकेट खेलकर समय गुजारा। स्कूल व मैडिकल स्टोर आम दिनों की तरह खुले रहे।
नूरमहल सहित आसपास के इलाकों में भी मंगलवार को पूर्ण बंद रहा। नूरमहल के लंबा बाजार, चीमा बाजार, दाना मंडी, सब्जी मंडी, समरा मार्केट, चुंबर मार्केट, सिद्धू मार्केट, उच्ची मंडी की सभी दुकानें बंद रही जबकि मैडिकल स्टोर खुले रहे। बैंकों में भी कामकाज चलता रहा लेकिन ग्राहकों की संख्या काफी कम रही। शहर के सरकारी, गैर सरकारी व शिक्षण संस्थान बंद रहे। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने गश्त लगाई।
नकोदर व आसपास के इलाकों में बंद का खासा असर दिखा। बाजार पूरी तरह से बंद रहे और दुकानदारों ने ताश खेलकर समय व्यतीत किया। इससे पहले शॉपकीपर्ज एसोसिएशन ने बैठक कर दुकानें बंद रखने का फैसला किया था। शहर में बैंक, डाकघर, अस्पताल और मैडिकल स्टोर खुले रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएसपी राजिंदर सिंह की अगुवाई में सिटी इंचार्ज विजय कंवलपाल और रूपिंदर सिंह चौकी शंकर भारी पुलिस बल के साथ शहर में गश्त करते नजर आए।
बाइक सवार युवकों ने खुली दुकानें बंद करवरई। सब्जी मंडी में भी सन्नाटा छाया रहा। बंद के दौरान नकोदर सहित इसके आसपास कहीं भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। बंद के दौरान अलावलपुर सहित गांव ब्यास पिंड, दोलीके, महमदपुर में दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। बंद के दौरान इलाके में शांति रही और सड़कें वीरान नजर र्आई। बाइक सवार युवकों ने टोलियां बनाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बाजार में मैडिकल स्टोरों को छोड़ अन्य सभी दुकानें बंद रहीं। बंद के दौरान लोगों में दहशत का माहौल रहा जिसके चलते उन्होंने बच्चों को स्कूल भेजने से परहेज किया। स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या काफी कम रही। बंद के कारण स्कूलों में छुट्टी का माहौल रहा। स्टाफ हाजिर था लेकिन विद्यार्थी नदारद रहे। इस दौरान दुकानदारों और विद्यार्थियों ने गलियों में क्रिकेट खेलकर समय बिताया। इलाके से किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।