लंकाशायर. पर्सटन की अदालत एक शराबी मां को जेल की सजा सुना सकती है। रेबेका आयरलैंड नाम की यह महिला तब बुरी तरह से नशे में धुत थी, जब उसने अपनी बेटी केटी को बिस्तर में ले जाने की कोशिश की। केटी की रात भर में ही मौत हो गई।
रेबेका को गिरफ्तार कर ‘विलफुल नेग्लेक्ट’ का आरोप लगाया गया। 24 वर्षीय रेबेका ने पहले तो आरोप से इंकार किया, लेकिन उसको नशे में की गई हरकतों के आधार पर दोषी पाया गया। भले ही, जरूरी नहीं कि उसी वजह से केटी की मौत हुई हो।
बचाव पक्ष की वकील जूली टेलर ने कोर्ट को बताया कि केटी की मौत की वजह को लेकर दो विशेषज्ञों में मतभेद है और यह साबित नहीं किया जा सकता कि असल कारण क्या है? चाइल्ड पैथोलॉजिस्ट डॉक्टर एलिसन आर्मेर ने कहा कि सबूत बताते हैं कि केटी की मौत दम घुटने से हुई है। लेकिन बचाव पक्ष की ओर से डॉक्टर बैकमैन ने कहा कि सडेन इंफैंट डेथ सिंड्रॉम (सिड्स) से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। टेलर ने कहा कि कोर्ट ने यह मान लिया है कि जब दो विशेषज्ञों में मतभेद हो, तो उसे जूरी से सुलझाने की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए।
न्यायाधीश स्टुअर्ट बेकर ने आयरलैंड की भूल की याचिका स्वीकार करते हुए कहा कि यह साबित करना मुश्किल है कि केटी की मौत उस भूल का प्रत्यक्ष नतीजा थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि विलफुल नेग्लेक्ट को भी गंभीर अपराध ही माना जाएगा। कोर्ट रेबेका को कैद भी दे सकती है। अंतिम फैसला चार दिसंबर को सुनाया जाएगा।