जेल से छूटते ही कार्यभार संभाला
भास्कर न्यूज Wednesday, November 04, 2009 02:10 [IST]  

पाली. महिला से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पकड़े गए आरोपी शिक्षक ने जेल से छूटते ही बिना अनुमति के स्कूल में ज्वाइनिंग कर दी। सबसे हैरत की बात तो यह है कि दो दिन तक जेल में रहने की सूचना पर शिक्षा विभाग द्वारा उसके निलंबन की कार्रवाई की जा रही है, वहीं जेल से छूटते ही आरोपी ने विभाग को सूचित किए बगैर स्कूल में कार्य ग्रहण कर लिया।



इस बात से स्कूल के प्रधानाध्यापक से लेकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी भी अनभिज्ञ हैं। जैतारण थाना पुलिस ने गोढ़ावड़ ग्राम पंचायत स्थित लासमी उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक बांझाकुड़ी निवासी राजेंद्र कुमार जाट को 26 अक्टूबर को हुनावास में बस के इंतजार में खड़ी दलित महिला से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में 27 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।



28 अक्टूबर को कोर्ट में पेश करने पर मजिस्ट्रेट ने उसे जेल भेजने का आदेश दिया। इसके बाद आरोपी की ओर से कोर्ट में जमानत अर्जी लगाई गई,जहां से जमानत खारिज होने के बाद पाली के एक अदालत से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया। आरोपी को दो दिन बाद 30 अक्टूबर की शाम साढ़े पांच बजे जेल से छोड़ा गया। इसके अगले दिन शनिवार को आरोपी शिक्षक राजेंद्र ने पुन: डच्यूटी ज्वाइन कर ली।



उल्लेखनीय है कि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी द्वारा नियुक्त जांच अधिकारी ने अपनी जांच रिपोर्ट में इस शिक्षक को निलंबित करने की अनुशंसा की थी। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि राजेंद्र कुमार इससे पूर्व बर कस्बे में स्थित एक होटल में भी महिला के साथ संदिग्धावस्था में पकड़ा गया था, उस समय भी उसे जेल भेजा गया था।



डीईओको मामले की जानकारी नहीं : जेल से छूटे आरोपी शिक्षक द्वारा पुन: स्कूल में कार्य संभालने के मामले की जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार बावल को भी कोई जानकारी नहीं है। जब उनसे पूछा गया तो उन्होंेने कहा कि इस तरह का कोई मामला उनके सामने नहीं आया है।



घटना के बाद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने मुझे जांच अधिकारी बनाकर वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए थे। पुलिस रिकॉर्ड, ग्रामीणों व स्कूल स्टाफ के बयानों के बाद मैंने आरोपी शिक्षक को निलंबित करने की अनुशंसा की थी और रिपोर्ट ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को सौंप दी थी। इसके बावजूद आरोपी ने कार्यभार कैसे संभाल लिया यह सोचनीय है। - जुगराज जोशी, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी व जांच अधिकारी।



निलंबन की कार्रवाई उच्च स्तर पर होती है, शिक्षक द्वारा कार्यभार संभालने के बाद लगातार अवकाश आ गए हैं। मैंने तो शिक्षक को मुख्यालय पर उपस्थिति देने के लिए कहा था। इस संबंध में स्कूल प्रधानाध्यापक से जवाब मांगा जाएगा। - रामरतन चौधरी, बीईओ, जैतारण



ब्लॉक शिक्षा अधिकारी द्वारा आरोपी शिक्षक के मामले में कोई आदेश प्राप्त नहीं हुए। इस पर मैंने शिक्षक राजेंद्र को कार्यभार ग्रहण करवा दिया। - चंद्राराम चोरडिया, प्रधानाध्यापक

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: