पाली. शहर के खेल जगत को जल्द ही राज्य स्तरीय बेडमिंटन कोर्ट के रूप में एक नई सौगात मिलने वाली है। इसके शुरू होते ही धर्मनगरी भी राज्य स्तरीय बेडमिंटन, व अन्य प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम हो जाएगी। यह संभव होगा बांगड़ स्टेडियम में निर्माणाधीन बेडमिंटन इनडोर कोर्ट कम मल्टीपरज हॉल से। दिसंबर 08 से बन रहे 53 लाख रुपए लागत वाले इस स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कार्य दिसंबर 09 तक पूरा होने का लक्ष्य है।
कितना बजट : इस बेडमिंटन कोर्ट के लिए राजस्थान सरकार के युवा मामले और खेल विभाग से 48 लाख 80 हजार रुपए एवं स्थानीय विधायक निधि से 1 लाख 20 हजार रुपए स्वीकृत हैं। स्टेट स्पोर्ट्स कौंसिल ने इनडोर बेडमिंटन कोर्ट बनाने का ठेका आवास विकास संस्थान लि.को दिया है। जो अब तक इसका 70 फीसदी निर्माण कार्य कर चुकी है।
12 बेडमिंटन कोर्ट वाला पाली : खेल प्रशिक्षक दिनेश दिनकर के अनुसार अभी तक शहर भर में 10 बेडमिंटन कोर्ट हैं। डिस्ट्रिक्ट क्लब, बालिया स्कूल, लोढ़ा बालनिकेतन, सेंटपॉल स्कूल में दो दो तथा इमानुएल मिशन स्कूल और बांगड़ स्कूल में एक-एक। बांगड़ स्टेडियम का इनडोर कोर्ट तैयार होने के बाद पाली दर्जन भर बेडमिंटन कोर्ट वाला शहर बन जाएगा। जो यहां की जनसंख्या और खिलाड़ियों के हिसाब से पर्याप्त हैं। अब बड़ी प्रतियोगिताओं की मेजबानी आसान हो जाएगी।
कैसा होगा हॉल
तेजी से आकार ले रहे इस 25.4 मीटर लंबाई, 17.8 मीटर चौड़ाई और 9.6 मीटर ऊं चाई वाले इस विशाल हॉल में दो वुडन बेडमिंटन कोर्ट तो होंगे ही इसके अलावा टेबल टेनिस, जिम्नास्टिक व रेसलिंग, बाक्सिंग जैसे इनडोर गेम्स हो सकेंगे। दर्शकों के बैठने के लिए 5.9 मी.गुणा 3 मीटर एरिया वाले 4 स्थान रहेंगे। इसके साथ ही स्टोर रूम भी होगा।
बांगड़ स्टेडियम में इनडोर वुडन बेडमिंटन कोर्ट कम मल्टीपरपज हॉल बन जाने के बाद पाली जिले को भी बेडमिंटन, जिम्नास्टिक, टेबल टेनिस, और रेसलिंग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिल सकेगी। - सुशीला सुखवाल, जिला खेल अधिकारी, पाली
बेडमिंटन कोर्ट का स्ट्रेक्चर बन चुका है, प्लास्टर हो गया है। केवल फर्निसिंग, शटर व कलर का काम बाकी है। दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। - एस.एम. सक्सेना, एक्सईएन, आवास विकास संस्थान लि. पाली