विद्यार्थियों के लिए पीएम ने 27 मिनट बजाई ताली
आशीष तिवारी Wednesday, November 04, 2009 02:38 [IST]  

चंडीगढ़. प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने पीजीआई के 30वें दीक्षांत समारोह में मंगलवार को भार्गव ऑडिटोरियम में लगातार 27 मिनट तक ताली बजाकर विद्यार्थियों का अभिवादन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई। पंजाब के राज्यपाल जनरल एसएफ रोड्रिग्स और हरियाणा के राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया ने ताली बजाने में प्रधानमंत्री का कुछ देर तक ही साथ दिया। प्रधानमंत्री की यह सादगी ऑडिटोरियम में मौजूद हर व्यक्ति को भाई।



अभिवादन का प्यारा अंदाज



डॉ. सिंह की गर्मजोशी देखकर लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट कम नहीं होने दी। सुबह 11.56 बजे डिग्रिय देने का सिलसिला प्रधानमंत्री की ताली के साथ शुरू हुआ, जो कि 12.23 बजे तक चला। डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और डॉक्टरों ने भी अदब के साथ प्रधानमंत्री का झुककर अभिवादन किया। डॉ. सिंह ने भी इसी अंदाज में सिर झुकाया।



अभी आएंगी चुनौतियां



प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने अभिभाषण में कहा, उन्हें इन युवाओं और उनकी ऊर्जा देखकर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने सभी के बेहतर भविष्य की कामना की। कहा, ‘अभी आपके सामने चुनौतियां आएंगी। उम्मीद है आप इसमें सफल होंगे।’ उन्होंने कहा, ‘समाज को आपसे बहुत उम्मीदें हैं। जब आपके वार्ड से कोई मासूम ठीक होकर घर लौटेगा तब सही मायने में आपका मिशन सफल होगा। आपकी रिसर्च जब दूरदराज गावों में पहुंचेगी तभी सच्चे मायनों में आप समाज को कुछ वापस कर पाएंगे।’



नई संरचना की जरूरत



प्रधानमंत्री ने कहा, देश की गरीब जनता अच्छी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह जाती है। इसके लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर तरीके से आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर नई संरचना बनाने की जरूरत है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने टॉपर छात्रों को स्वर्ण पदकों से नवाजा।



कार्डियक सेंटर का शुभारंभ



बाद में पीजीआई के एडवांस कार्डियक सेंटर का शुभारंभ किया। ढाई सौ बेड वाले इस सेंटर में दिल के मरीजों का इलाज होगा। अभी तक हृदय रोगों से पीड़ित मरीजों को नेहरू हॉस्पिटल में ही दाखिल किया जाता था। हालांकि कार्डियक सेंटर की इमरजेंसी अभी पीजीआई की मुख्य इमरजेंसी में चल रही है, जल्द ही कार्डियक इमरजेंसी को भी यहां पर शुरू कर दिया जाएगा।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: