उज्जैन. निर्माणाधीन पुलिया धंस जाने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई जबकि इसमें पांच घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में दाखिल किया है। हादसा मंगलवार शाम करीब 4 बजे हुआ।
मंगलनाथ मंदिर के पीछे ग्राम चककमेड़ होकर आगररोड तक प्रधानमंत्री ग्रामीण योजना की सड़क का निर्माण चल रहा है। ग्राम के नजदीक पुलिया बनाई जा रही है। मंगलवार को पुलिया का बेस तैयार हो रहा था। आठ मजदूर करीब 12 फीट गहरे गड्ढे में काम कर रहे थे तभी मिट्टी धंस गई। हादसे में श्यामूबाई पति बाबू, तोलाबाई पिता बलदी, संगीता पिता हकरु निवासी ग्राम चिकनी (रतलाम) की मौत हो गई।
संजूबाई पिता गोवर्धन चककमेड़, बाबू पिता ओंकार, शांतु पिता बद्री, शैतान पिता ओंकार, बद्री पिता रुदल निवासी चिकनी (रतलाम) घायल है जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया है। हादसे के बाद सरपंच दुलीचंद मारू, पं. रामा गुरु और अन्य लोगों ने दो घंटे तक मशक्कत के बाद श्रमिकों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। यह पुलिया बारिश के दौरान बह गई थी।
इसका दोबारा निर्माण हो रहा था। हादसे के बाद ठेकेदार कंपनी ऋषिवर कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. के दिनेश शर्मा तथा प्रधानमंत्री सड़क योजना के जनरल मैनेजर के.एस. राजपूत मौके पर पहुंचे और जानकारी ली।