चंडीगढ़. चंडीगढ़. स्पेशल क्राइम इंवेस्टीगेशन सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार रात दो अलग—अलग जगहों से दो विदेशियों को पकड़ा। इनके पास से 60 ग्राम कोकीन बरामद की गई है। बताया गया कि आरोपी शहर में कोकीन की सप्लाई करने आए थे।
डीएसपी सतबीर सिंह के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने नाइजीरिया निवासी सैलीसेटस ओ ओगंबा को सेक्टर—44 के मंदिर के पास रोका और उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से 30 ग्राम कोकीन मिली, स्पेशल सेल की टीम ने ओगंबा की पूछताछ के आधार पर उसके साथी नाइजीरियन आकौजी को सेक्टर 16/17 के चौक से गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से पुलिस को 30 ग्राम कोकीन बरामद हुई। आरोपी के साथ एक विदेशी महिला भी थी जोकि पुलिस को पासपोर्ट नहीं दिखा पाई। इस पर पुलिस ने महिला के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी काफी समय से नोएडा में रह रहे थे और वहां से चंडीगढ़ कोकीन सप्लाई करने आए।