Chandigarh
आगरकर के आगे पंजाब लड़खड़ाया
भास्कर न्यूज Wednesday, November 04, 2009 03:04 [IST]  

चंडीगढ़. तेज गेंदबाज अजीत आगरकर और जहीर खान की घातक गेंदबाजी की मदद से मुबंई ने रणजी ट्रॉफी मैच के पहले दिन पंजाब को बैकफुट पर धकेल दिया। दिन का खेल खत्म होने तक पंजाब ने 9 विकेट खोकर 242 रन बनाए थे। आगरकर ने 41 रन देकर 4 जबकि जहीर खान ने 3 विकेट झटके।



पंजाब की तरफ से सलामी बल्लेबाजी रवि इंदर सिंह ने बेहतरीन 104 रन की पारी खेली। इससे पहले सेक्टर 16 स्टेडियम में पंजाब ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जहीर खान ने सनी सोहल(2) को सामंत के हाथो कैच करवा कर पंजाब को पहला झटका दिया। इसके बाद रवि इंदर ने उदय कौल के साथ मिल कर पारी को संभालने की कोशिश की।



जमने का प्रयास कर रहे उदय कौल(28) को आगरकर ने सामंत के हाथों लपकवाकर पारी का अंत कर दिया। दूसरे छोर पर रवि इंदर सिंह डटे रहे। रवि इंदर ने दूसरे विकेट के लिए उदय कौल के साथ 68 रन, तीसरे विकेट के लिए तरूवर कोहली के साथ 31 रन, छठे विकेट के लिए गौरव गंभीर के साथ 45 रन और 8वें विकेट के लिए मनप्रीत गोनी के साथ 33 रन की सांझेदारी की।



रवि इंदर 8वें विकेट के रूप में आउट हो कर लौटे। एक समय पंजाब की टीम 133 रन पर 5 विकेट गवां चुकी थी लेकिन छठे विकेट के लिए गौरव और रविइंदर ने 45 रन जोड़ कर टीम का स्कोर 200 तक पहुंचाया। मध्यक्रम में गौरव गंभीर ने 21 और तरूवर कोहली ने 14 रन बनाए। कप्तान अंकुर कक्कड़(2) और पूर्व कप्तान पकंज धर्माणी(9) रन बना कर पेवेलियन लौट गए। दिन का खेल खत्म होने तक मनप्रीत गोनी 30 और लव अभिलिष बिना कोई रन बनाए क्रीज पर डटे हुए थे।



आगरकर ने दिखाया दमखम



एक समय टीम इंडिया की आक्रमण की बागडोर संभालने वाले अजीत आगरकर ने इस मैच में अपना पुराना दमखम दिखाया। आगरकर ने 21.6 ओवर में 10 मेडन डाले और सिर्फ 41 रन देकर पंजाब के 4 खिलाड़ियों को आउट किया। आगरकर ने शतकवीर रवि इंदर, उदय कौल, कप्तान अंकुर कक्कड़ और हरमीत बंसल के विकेट झटके।



अपनी सधी हुई गेंदबाजी से आगरकर ने पंजाब के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाए रखा। तेज गेंदबाज जहीर खान ने भी 16 ओवर में 3 मेडन सहित 45 रन देकर 3 विकेट झटके। एंकल की चोट से उबरने के बाद जहीर खान मैच फिटनेस के लिए डोमेस्टिक क्रिकेट में हाथ आजमा रहे हैं। इस सीजन के पहले मैच की पारी में जहीर ने 3 विकेट झटक कर अपनी फॉर्म वापसी का परिचय दिया है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: