चंडीगढ़. आमतौर पर बढ़िया काम के लिए मशहूर पीसीआर के कुछ कर्मचारियों ने सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक कानून अपने हाथ में लिया। एक जगह बस कंडक्टर और ड्राइवर से मारपीट करने वाले आरोपियों का साथ दिया तो दूसरे स्थान पर ठेके से शराब न मिलने पर दो कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
छेड़छाड़ से बिगड़ी बात
हरियाणा रोडवेज की बस में मंगलवार सुबह पांच बजे अंबाला से सेक्टर—18 की प्रीति शर्मा अपनी बेटी रूबी के साथ चढ़ीं। प्रीति का कहना है कि कंडक्टर ने बेटी से छेड़छाड़ की। बहस बढ़ने पर चंडीगढ़ में अपने जानकार मोहित को फोन पर सूचना दी। सुबह करीब 5.45 बजे यह बस सेक्टर—17 स्टैंड के पास पहुंच रही थी। तभी मोहित ने पीसीआर को बस में छेड़छाड़ की सूचना दी।
आरोप है कि सेक्टर—22 के पास मोहित ने साथियों के साथ बस रोकनी चाही। ड्राइवर सुखबीर ने बस को स्टैंड की ओर बढ़ा दिया। कंडक्टर सुरेश के मुताबिक इसके बाद पीसीआर जिप्सी बस के पीछे लग गई। जिप्सी ने स्टैंड के गेट के पास बस रुकवा ली। मोहित और उसके साथी बस में घुस गए और कंडक्टर व ड्राइवर को पीटा। पीसीआर जवान उनका साथ देते रहे।
कंडक्टर का आरोप है जिप्सी में तैनात एसआई गुरबीन, होमगार्ड वालेंटियर रनबीर शराब के नशे में थे। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया है। डॉक्टरों ने लिखा है कि रनबीर से शराब की बदबू आ रही है। एसआई गुरबीन को सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस ने मोहित और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं प्रीति की शिकायत पर कंडक्टर सुरेश के खिलाफ छेडछाड़ की डीडीआर दर्ज की है।
नहीं दी शराब तो टूट पड़े
सोमवार रात पीसीआर कर्मियों ने शराब न देने पर ठेके के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। ठेकेदार दीपक ने बताया कि सेक्टर—28 के ठेके पर रात एक बजे पीसीआर जिप्सी पहुंची। आरोप है कि इस दौरान पीसीआर कर्मियों ने कहा उन्हें शराब नहीं चाहिए। दूसरी बात करने आए हैं। इस पर शटर खोला। पीसीआर कर्मी शराब मांगने लगे। न देने पर पीटा। ठेके के रमेश को चोट लगी।
रमेश के मुताबिक उन्होंने शराब देने से मना कर दिया, क्योंकि स्टॉक रजिस्टर तैयार हो चुका था। इस पर पीसीआर के होमगार्ड सुभाष ने उन्हें डंडों से पीटा। एएसआई धर्मबीर भी सुभाष के साथ थे। बताया गया है कि रमेश के नाक और सिर पर चोट लगी है। सुभाष का हाथ टूट गया है। ठेकेदार दीपक ने घटना की जानकारी एसएचओ रघुबीर सिंह को दी। उन्होंने एसआई बलजिंदर को भेजकर मंजीत व रमेश का मेडिकल कराया। पुलिस ने इस संबंध में रपट दर्ज की है। एसएचओ के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बस स्टैंड के बाहर चक्काजाम
पीसीआर जवानों की इस हरकत से नाराज हरियाणा,सीटीयू और पंजाब रोडवेज के कर्मचारियों ने बस स्टैंड के बाहर बसों का चक्काजाम कर दिया। पीसीआर जिप्सी के आगे—पीछे बसें लगा दीं। इस वजह से सुबह 11 बजे तक बसें नहीं चलीं। कर्मचारी नारेबाजी करते रहे। डीसी बृजेंद्र सिंह के आदेश पर मौके पर डॉयरेक्टर (ट्रांसपोर्ट) मोहनलाल शर्मा, सीटीयू के जनरल मैनेजर रविंदर पाठक और डीएसपी जगबीर सिंह ने यूटी एसएस सबोडिनेट सर्विस फैडरेशन के प्रधान रंजीत सिंह, गवर्नमेंट ट्रांसपोर्ट यूनियन के प्रधान जगदीश सिंह, हरियाणा कर्मचारी यूनियन के नेता सतबीर के साथ बैठक की।
डीएसपी जगबीर सिंह ने उन्हें एसआई को सस्पेंड करने के आदेश की प्रति थमाई। जगबीर ने कहा, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे होमगार्ड वालेंटियर रनबीर सिंह को बर्खास्त किया जाएगा। इसके बाद चक्काजाम खत्म हो गया।