पटियाला. स्थानीय प्रताप नगर में कालोनी निवासियों द्वारा मुसाफिरों ने नगर निगम पर आरोप लगाया है कि उनके द्वारा बनाए प्रतीक्षालय को नगर निगम की टीम ने मंगलवार को ध्वस्त कर दिया। कालोनी निवासियों ने गर्मियों व सर्दियों में बसों व आटो के इंतजार के लिए अस्थाई तौर पर शेड डाल कर यह प्रतीक्षालय बनवाया था।
प्रताप नगर के निवासियों ने नगर निगम की टीम द्वारा शेड को तोड़े जाने के विरोध में निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम कमिश्नर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि उक्त प्रतीक्षा घर को पक्का बनवाने की मांग को लेकर कमिशनर को मांगपत्र भी दिया गया था। यही नहीं निगम कमिश्नर ने प्रताप नगर निवासियों की मांग पर तुरंत ही शेड पक्का बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बावजूद इसके निगम टीम ने मंगलवार को प्रताप नगर में बनाए उक्त छोटे से शेड को तोड़ दिया।
प्रताप नगर वेल्फेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने निगम के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए कहा कि निगम द्वारा तोड़े गए उक्त शेड के नजदीक ही दुकानदारों ने अवैध तरीके से बाहर की ओर कब्जा कर शेड बनाए हुए हैं। लेकिन विभाग के अधिकारियों ने उक्त शेडों को देखने के बावजूद अनदेखा कर दिया। एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि उक्त शेड में कालोनी की महिलाएं व लड़कियां कॉलेज व नौकरी पर जाते समय बसों व ऑटो के इंतजार में खड़ी होती थीं।
कालोनी निवासियों ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से बात की तो उन्होंने जवाब दिया कि ‘सानू बनाणा नी ढाणा आउंदा है।’ शेड को गिराने के निर्देश मिले थे, तो कार्रवाई करनी ही थी। प्रदर्शन करने वालों में टैंपो यूनियन के प्रधान रमेश, वार्ड 49 के पूर्व कौंसलर नरेश दुग्गल, वेल्फेयर एसोसिएशन के जसबीर सिंह, दविंदर सिंह, कुलवंत सिंह चीमा व अन्य लोग मौजूद थे।