इंदौर. नर्मदा तृतीय चरण के तहत शहर में बनाई जा रही 21 टंकियों में से तीन को इसी माह यशवंत सागर से जोड़ दिया जाएगा। इसकी तैयारियां जारी हैं। संगमनगर, किला मैदान और हाट बाजार की टंकियों को यशवंत सागर की लाइन से जोड़ने के बाद उक्त क्षेत्रों के करीब डेढ़ लाख लोगों को पेयजल संकट में राहत मिलेगी।
जलकार्य समिति प्रभारी देवकृष्ण सांखला और नर्मदा प्रोजेक्ट के इंचार्ज प्रभाष सांखला ने बताया तृतीय चरण में 21 नई टंकियों का निर्माण होना है जिसमें से सात तैयार हो चुकी हैं। इसमें संगमनगर, किला मैदान और हाट बाजार की टंकियों को तीन-चार दिन में यशवंत सागर की लाइन से जोड़ दिया जाएगा।
श्री सांखला ने कहा उक्त तीनों टंकियां नर्मदा लाइन से भी जुड़ी रहेंगी। यशवंत सागर से जुड़ने के बाद इन्हें पूरी क्षमता के साथ भरकर पानी सप्लाय किया जा सकेगा। नगरीय निकाय चुनाव की आचार संहिता नहीं लगती है तो मुख्यमंत्री से 6 नवंबर को उनके प्रस्तावित दौरे में उक्त टंकियों का लोकार्पण भी कराया जा सकता है। प्रत्येक टंकी की क्षमता 30 लाख लीटर है। तीन टंकियों के निर्माण में करीब साढ़े चार करोड़ रुपए की लागत आई है।