इंदौर. मप्र हाई कोर्ट बार एसोसिएशन इंदौर के चुनाव बुधवार को होंगे। प्रत्याशियों ने प्रचार के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। 1100 सदस्य मतदान करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी.एन. सिंह ने मतदान की नियमावली जारी करते हुए सदस्यों के लिए परिचय पत्र अनिवार्य कर दिया है।
उसके बिना मतपत्र जारी नहीं किया जाएगा। मतदान दोपहर तीन से शाम छह बजे तक होंगे। उससे पहले एसोसिएशन की साधारण सभा होगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी मुकेश परवाल एवं सुनील जैन के मुताबिक मतदान केंद्र से सौ फीट की परिधि में प्रचार वर्जित रहेगा। एसोसिएशन की सदस्यता या अन्य शुल्क छह माह से बकाया होने पर सदस्य चुनाव से वंचित रहेगा। देर रात परिणाम घोषित किए जाएंगे।
न्यायालय परिसर में माहौल गरमाया
मंगलवार को हाई कोर्ट परिसर में चुनावी माहौल गरमाया रहा। प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थक भी अधिकाधिक सदस्यों से वोट की गुहार करते दिखे। मोबाइल एसएमएस वार तो पहले से चल रहा है। अब प्रत्याशी फोन लगाकर भी मनुहार कर रहे हैं। प्रत्याशी सीनियर वकीलों से उनके जूनियरों पर भी दबाव डलवा रहे हैं। सबसे अधिक जोर-आजमाइश अध्यक्ष-सचिव पदों को लेकर है।
जिला कोर्ट में भी हलचल
चुनावी माहौल जिला न्यायालय में भी दिखा। जिला बार एसोसिएशन के कई सदस्य हाई कोर्ट बार के भी सदस्य हैं। इसलिए प्रत्याशी वहां भी सक्रिय रहे।
यह होगी व्यवस्था
मतदान बार स्टेट काउंसिल के नए भवन के पांच कक्षों में होंगे। हर कक्ष में दो-दो बूथ होंगे। बाहर मतपर्ची बनाने के लिए छह टेबल लगेंगी।
कार्यकारिणी के पांच पद के लिए आठ दावेदार
चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए पी.के. शुक्ला व प्रदीपकुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष के लिए साधना पाठक व विनीता फाये के बीच टक्कर है। सचिव पद के लिए घनश्याम यादव, अतुल जायसवाल, पवन जोशी, विशाल बाहेती, हेमंतकुमार शर्मा एवं सहसचिव के लिए अनुपम त्रिपाठी, आनंद सोनी, लोकेश मेहता के बीच मुकाबला है। पांच कार्यकारिणी सदस्यों के लिए आठ प्रत्याशी हैं।