वाशिंगटन. अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर 2001 में अलकायदा द्वारा किए गए अब तक के सबसे बड़े आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया था। इस हमले में मारे गए लोगों की याद में एक युद्धपोत बनाया गया है, जिसमें वर्ल्ड ट्रेड टॉवर के स्टील का इस्तेमाल किया गया है।
सोमवार को यूएसएस न्यूयॉर्क नाम के इस युद्धपोत को समुद्र के रास्ते से उसी स्थान पर लाया गया, जहां आतंकियों ने अपने नापाक इरादों को अंजाम दिया था। युद्धपोत में वे लोग भी मौजूद थे जिन्होंने अपने प्रियजनों को इस घटना में खो दिया था। इस युद्धपोत को 21 तोपों की सलामी दी गई।
इसके जरिए उन लोगों को श्रद्धांजलि दी गई है जो इस विनाशकारी घटना में मारे गए थे। इसमें वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के स्टील का उपयोग करने का उद्देश्य उन लोगों की यादों को एक जीवंत ढांचा प्रदान करना है। लुइसियाना प्रांत में बने इस युद्धपोत को अमेरिकी नौसेना में शामिल किया जाएगा।
अपने भाई को इस घटना में खोने वाली रोजलीन टेलोन ने कहा कि मुझे गर्व है कि बेकार पड़ा यह स्टील हमारी नौसेना का एक हिस्सा बन गया है। युद्धपोत पर उन लोगों के नाम भी लिखे गए हैं जो आतंकी हमले के बाद बचाव कार्य के दौरान मारे गए।