छिटपुट घटनाएं, शांतिपूर्ण बंद
भास्कर टीम Wednesday, November 04, 2009 04:11 [IST]  

अमृतसर. दल खालसा इंटरनैशनल और खालसा एक्शन क मेटी के आह्वान पर अमृतसर, वेरका, छेहर्टा आदि में बंद छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्वक रहा। इस दौरान रेलवे और बस सेवा ठप रही। दल खालसा इंटरनैशनल के प्रवक्ता कंवरपाल सिंह बिट्टू के नेतृत्व में दंगा पीड़ित वैलफेयर एसोसिएशन के सदस्य तड़के चार बजे शिवाला फाटक रेल ट्रेक पर बैठ गए।



नतीजन कई ट्रेनों को रद करना पड़ा। एसोसिएशन सदस्य ट्रैक पर कालियां झंडियां और तख्तियां बिखेरने के बाद नारे लगाते रहे। एसएसपी पीके राय ने उन्हें नारेबाजी से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने ट्रक जाम करने का सूचना मिलते ही कुछ ट्रेनें रद कर दीं। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते नारायण सिंह चौड़ा, सतनाम सिंह पाऊंटा और कंवरपाल सिंह ने कहा कि सिख कौम से हुए अन्याय की गूंज केंद्र के कानों तक पहुंचाने के लिए निकट भविष्य में भी आंदोलन जारी रहेगा। इसकी रुपरेखा को जल्द ही अंतिम रुप दे दिया जाएगा।



सुबह करीब 10 बजे दुकानें बंद कराने के लिए सड़कों पर उतरे युवक नंगी तलवारें लहराते थाना कोतवाली के पास पहुंचे तो एसएसपी ने उन्हें रोककर ऐसा न करने को कहा। उनके न मानने पर पुलिस अधिकारियों ने उनसे किरपानें छीन लीं। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई, लेकिन बिट्टू के समझाने पर मामला सुलझा लिया गया।



इसके बाद प्रदर्शनकारी युवक घंटाघर चौक, सुल्नाविंड रोड, शरीफपुरा में पैदल मार्च के बाद शिवाला फाटक पहुंचे। सिख स्टूडेंट्स फैडरेशन मेहता के जिला प्रधान अमरबीर सिंह ढोट के नेतृत्व में वर्करों ने बस स्टैंड के समक्ष धरना दिया। बाइक और खुली गाड़ियों में सवार वर्करों ने सुल्तानविंड रोड, राम बाग, लारेंस रोड, हाल बाजार, रणजीत एवेन्यू में मार्च निकाला। इनका काफिला जैसे ही घी मंडी पहुंचा तो वहां पुलिस बल के साथ तैनात एसएचओ सुखविंदर सिंह ने उन्हें रोक लिया। इसी बीच किसी बात को लेकर वर्कर और पुलिस कर्मी उलझ गए।



प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे डीएसपी मनविंदर सिंह के एएसआई के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन के बाद भी मामला सुलझ नहीं पाया। डीएसपी के एसएसपी से एएसआई के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिलाने के बाद ही धरना उठाया गया। महासचिव गगनदीप सिंह ने एएसआई को सस्पेंड करने की मांग की है। इस मौके पर चरणजीत सिंह धालीवाल, मनमोहन सिंह लाटी, जगजीत सिंह खालसा, दलजीत सिंह, गुरमनजीत सिंह, गुरदीप सिंह, राजबीर सिंह, जगीर सिंह आदि मौजूद थे।



ढोट ने जताया आभार
सिख स्टूडेंट्स फैडरेशन मेहता ने पंजाब बंद को सफल बनाने के लिए लोगों का आभार जताया है। फैडरेशन प्रधान अमरबीर सिंह ढोट और दल खालसा के प्रवक्ता कंवरपाल सिंह बिट्टू ने कहा कि लोगों ने बंद को सफल बनाकर दंगों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ फतवा दिया है।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: