जोधपुर. राज्य सरकार की ओर से विकलांगों के लिए शुरू की गई योजनाएं रामभरोसे चल रही हैं। सरकारी फरमानों में विकलांगों को पेंशन और तिपहिया साइकिलंे मुफ्त देने की बात कही गई है, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के कारण इन्हें इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
राज्य सरकार ने पेंशन लाभ, तिपहिया साइकिल, शिक्षा आदि योजनाएं विकलांगों के लिए चला रखी हैं। लेकिन इन योजनाओं का फायदा लेने के लिए विकलांगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। जिन सरकारी कार्यालयों को विकलांगों की सहायता का जिम्मा सौंपा गया है, वहां से विकलांगों को मदद के बदले सरकारी कारिंदों की झिड़कियां सुनने को मिलती हैं।
नहीं मिल रही है पेंशन
डांगियावास निवासी बलदेवराम अस्थि विकलांग है। वह जोधपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज में डिप्लोमा का छात्र है। परिवार मुफलिसी के दौर से गुजर रहा है जिससे परिजन उसकी फीस भरने में भी असमर्थ हैं। ऐसे में विकलांग पेंशन के लिए प्रतिमाह 400 रुपए लेने के लिए बलदेव ने तीन माह पहले जिला कलेक्टर के पास आवेदन किया।
जिला कलेक्टर ने इसके लिए अपर जिला कलेक्टर प्रथम को निर्देश भी दे दिए। चूंकि इन आवेदनों का सत्यापन जिम्मेवारी राजस्व निरीक्षक की होती है तो एडीएम प्रथम ने यह आवेदन रेवेन्यू इंस्पेक्टर को दे दिया। लेकिन इस विकलांग को पिछले तीन माह से पेंशन योजना का लाभ नहीं मिला है।
साइकिल मिली न पेंशन
बोम्बे मोटर चौराहा निवासी मुकेश भूतड़ा बचपन से एक हाथ व एक पैर से पोलियोग्रस्त है। मुकेश के पिता गंभीर रोग से पीड़ित हैं, जिसकी वजह से वे कमा नहीं सकते और उसकी माता लोगों के घरों में रसोई बनाने का काम कर घर का खर्चा चला रही है।
मुकेश ने दो साल पहले सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में तिपहिया साइकिल और विकलांगता पेंशन के लिए आवेदन किया। इन दो सालों के दरम्यान मुकेश ने कई बार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जिला प्रशासन के सैकड़ों चक्कर काटे, लेकिन किसी ने उसकी सुध नहीं ली।
कहां जाएं लाभ लेने
मैंने पेंशन योजना के लिए करीब तीन माह पहले आवेदन किया था, लेकिन इस योजना का लाभ अभी तक नहीं मिला है। - बलदेवराम, डांगियावास
मेरे घर में पापा बीमार है, वो कमा नहीं सकते। मम्मी के भरोसे घर चल रहा है। मैंने अफसरों को कई बार इस संबंध में अवगत भी करवाया, लेकिन किसी ने सही जवाब नहीं दिया। - मुकेश भूतड़ा, बोम्बे मोटर
कर देंगे आदेश
मुकेश को विभाग की ओर से तुरंत साइकिल दे देंगे। इसके अलावा विभाग की ओर से अन्य देय सुविधा होगी, वो देने की कोशिश की जाएगी। - अनिल व्यास, उपनिदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग
बलदेव को विकलांग पेंशन योजना का लाभ शीघ्र मिल जाएगा। उसके आवेदन की जांच कर ली गई है, शीघ्र ही उसे पेंशन योजना का लाभ मिल जाएगा। - राणाराम विश्नोई, राजस्व निरीक्षक