करनाल. स्टूडेंट्स फेडरेशन दमदमी टकसाल के पंजाब बंद के आह्वान की वजह से निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से चलकर अमृतसर जाने वाली शान ए पंजाब दो घंटे तक करनाल रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। पंजाब की ओर जाने वाली दादर एक्सप्रेस, ईएमयू, बरौनी एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट रहीं।
इसके अलावा आम्रपाली एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेनें भी लेट रहीं। शाने पंजाब का करनाल रेलवे स्टेशन पर सुबह 8:33 से 8:35 के बीच दो मिनट का हाल्ट है, लेकिन बंद की वजह से करीब दो घंटे तक करनाल रेलवे स्टेशन पर रुकी रही। जिस वजह से यात्रियों को अधिक परेशानी हुई।
यात्रियों की शिकायत थी कि उन्हें ट्रेन के लेट होने के बारे में पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी। गाड़ी में सफर कर रहे राहुल ने बताया कि उसे इंटरव्यू के लिए अमृतसर पहुंचना था। लेकिन दो घंटे ट्रेन लेट होने की वजह से उसका इंटरव्यू केंसल हो सकता है।
इसी तरह अन्य यात्रियों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी। शाने पंजाब से कुरुक्षेत्र यूनिवसिर्टी जा रहे सुनील, संजीव आदि का कहना है था कि ट्रेन लेट होने की वजह से उनकी क्लास छूट गई है। इसके अलावा सचखंड एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से डेढ़ घंटे लेट पहुंची।
सुपर 2460 हुई रद्द
पंजाब बंद की वजह से पंजाब से दिल्ली की ओर जाने वाली सुपर 2460 रद्द कर दी गई। पूरे दिन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की गहमागहमी रही।
ट्रेन के रुकने के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। अब ट्रेनें चल रही हैं। - एमएस मीना, स्टेशन अधीक्षक, करनाल रेलवे स्टेशन