खत्म करेंगे कुपोषण
भास्कर न्यूज Wednesday, November 04, 2009 05:27 [IST]  

भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मंगलवार को यहां कहा कि प्रदेश से कुपोषण के कलंक को दूर करना एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने आशा जताई की बच्चों के लिए शुरू की गई सांझा चूल्हा योजना कुपोषण को दूर करने में मददगार साबित होगी।



भोपाल के समीप ग्राम परवलियासड़क में योजना का शुभारंभ करते हुए श्री चौहान ने कहा कि पहले आंगनवाडी़ में पूरक पोषण आहार तथा स्कूलों में मध्याह्न् भोजन का वितरण अलग-अलग फोरम पर होता था अब इन दोनों को सांझा किया गया है ताकि गुणवत्ता में सुधार हो और महिला स्व सहायता समूहों को रोजगार मिल सके। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि प्रदेश की सभी आंगनवाड़ियों में तीन से छह वर्ष के 30 लाख से ज्यादा बच्चों के लिए यह योजना शुरू की जा रही है।



आंगनवाड़ी में आने वाली गर्भवती महिलाओं को भी इसका लाभ मिलेगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री रंजना बघेल ने कहा कि स्व सहायता समूहों के माध्यम से बच्चों को अब ताजा भोजन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सांझा चूल्हा रसोईघर का शुभारंभ किया। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ अलख जगाते हुए लाड़ली रथों को रवाना किया। प्रदेश के चौदह जिलों में जहां लिंगानुपात 900 से कम है वहां जनजागरण अभियान के तहत लाड़ली रथ निकाले जा रहे हैं।



इस मौके पर परवलियासड़क के पूर्व सरपंच जीतमल लेवा ने मुख्यमंत्री से स्वास्थ्य केंद्र खोलने और हाईस्कूल को हायर सेकंडरी का दर्जा दिए जाने की मांग की, जिस पर श्री चौहान ने उक्त सौगातें देने का आश्वासन दिया।

  Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: