लुधियाना. बंद कराने को लेकर सिख संगठनों व अखिल भारतीय शिव सेना राष्ट्रवादी के कार्यकर्ताओं में टकराव हो गया। सिख कार्यकर्ताओं ने शिव सेना कार्यकर्ताओं पर ईंट—पत्थर भी फेंके। इस दौरान सिख संगठनों ने शिव सेना राष्ट्रवादी के प्रधान बलजीत सिंह जस्सियां की डा. बीएल कपूर मेमोरियल अस्पताल की पार्किग में खड़ी गाड़ी तोड़ने की कोशिश की। पुलिस की दखल से वे महज गाड़ी की नंबर प्लेट ही तोड़ पाए। यहां करीब पौने घंटे तक तनाव रहा।
खुद एसएसपी डा. सुखचैन सिंह गिल, एसपी सिटी—1 हर्ष कुमार बांसल, डीएसपी (हेडक्वार्टर) भूपिंदर सिंह, डीएसपी हरजिंदर सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू किया। बंद समर्थक संगठन घंटा घर चौक में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि अखिल भारतीय शिव सेना राष्ट्रवादी के सदस्य बंद के विरोध में यहां इकट्ठा होंगे व दुकानें खुलवाएंगे।
शिव सैनिक पुरानी सब्जी मंडी चौक पर ही पहुंचे थे कि यहां मौजूद सिख स्टूडेंट फेडरेशन (ग्रेवाल) के कार्यकर्ता उनसे भिड़ गए। शिव सैनिक भाग कर एक गली में घुस गए। यहां फेडरेशन कार्यकर्ताओं ने उन पर ईंट पत्थर बरसाए। इतने में थाना डिवीजन-चार के एसएचओ धर्मपाल पहुंच गए। शिव सेना नेता बलजीत सिंह जस्सियां के अनुसार सिख संगठनों ने उन पर घेर कर हमला किया।
फेडरेशन (ग्रेवाल) नेता मनप्रीत सिंह बंटी के अनुसार वे पुरानी सब्जी मंडी चौक के पास बंद की अपील कर रहे थे। इतने में जस्सियां समर्थकों सहित आया। उसने गाड़ी सड़क पर मौजूद फेडरेशन कार्यकर्ताओं पर चढ़ाने की कोशिश की। साथ उसने अपनी पिस्तौल से धमकाया। मनप्रीत सिंह के अनुसार वह एसएसपी से आरोपी शिव सैनिकों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।