भोपाल. साइबर सेल ने बैंक खाता हैक कर राशि निकालने वाले सूडान निवासी अहमद एल्मुज अब्दुल गादिर और दो अन्य व्यक्तियों को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भोपाल लाया गया है। इन तीनों आरोपियों को मुंबई में गिरफ्तार किया गया था।
आरोपियों से चार मोबाइल फोन, एक पासपोर्ट, एटीएम कार्ड और पैन कार्ड जब्त किए गए हैं। पीटीआरआई आईजी आरके मिश्रा ने पत्रकारवार्ता में बताया कि छिंदवाड़ा निवासी धर्मेद्र वैद्यमुथ्था ने शिकायत की थी कि 29 जुलाई को उनके एक्सिस बैंक खाते से 40 हजार रुपए हैकिंग कर मुंबई के किसी खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। जांच में पाया गया कि उनके खाते को यूएसए से हैक किया गया था और मुंबई निवासी शाहिद बख्श के खाते में राशि ट्रांसफर की गई है।
शाहिद बख्श से पूछताछ में मालूम पड़ा कि इसमें से 39 हजार रुपए असीम मोहम्मद खान ने एटीएम के माध्यम से निकाली। असीम ने शाहिद बख्श को पांच हजार रुपए का लालच दिया और उसका खाता नंबर, पैन कार्ड और कोड नंबर अब्दुल गादिर को उपलब्ध कराया। इसके लिए गादिर ने उसे पांच हजार रुपए का लालच दिया था। श्री मिश्रा ने बताया कि अब्दुल गादिर स्थानीय रहवासियों को इसी तरह लालच देकर खाते खुलवाता था और उनका हैकिंग कर दुरुपयोग करता था।