सिरोही. यहां भाजपा की मंगलवार को आयोजित बैठक में एक पदाधिकारी ने बच्चों को रुपए बांटकर लोगों को लुभाने का प्रयास किया।
आदर्श आचार संहिता के बावजूद पदाधिकारी ने बच्चों को सौ-सौ रुपए के नोट बांटे। मंगलवार को एक होटल में भाजपा पर्यवेक्षक शंकरसिंह राजपुरोहित ने नगरपालिका चुनाव पर विचार-विमर्श के लिए बैठक आयोजित की। बैठक के बाद महिला कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद परसरामपुरिया ने उनके साथ आए कुछ बच्चों को देखा, तो उन्होंने जेब से कुछ राशि निकाली तथा एक बच्ची को सौ का नोट दे दिया।
उन्होंने कहा कि इन पैसों से चॉकलेट खा लेना। बच्चे जिन महिलाओं के साथ आए थे उन महिलाओं ने इस पर खुशी जाहिर की। प्रशासनिक अधिकारी मानते हैं कि आचार संहिता लगी होने के कारण इस तरह से नोट बांटना गलत है। मामले में जांच की जाएगी।
होगी जांचः चुनाव आचार संहिता लगी होने के कारण मतदाताओं को किसी भी प्रकार से प्रलोभन देना या आकर्षित करना गलत है। चुनाव आयोग की ओर से इसके लिए सख्त निर्देश हैं। प्रशासनिक अधिकारी बताते हैं कि इस तरह के मामले की जांच करवाई जाएगी।
इनका कहना है
मेरे सामने बच्चों को नोट नहीं बांटे गए। वैसे महिलाओं की भीड़ ज्यादा थी, इसलिए बांटे भी होंगे तो मेरे ध्यान में नहीं है।
-ओटाराम देवासी, विधायक, सिरोही
मेरे ध्यान में इस तरह का कोई मामला नहीं है। बैठक के बाद किसी को नोट दिए होंगे तो मुझे पता नहीं है।
-शंकरसिंह राजपुरोहित, भाजपा पर्यवेक्षक
मैंने किसी को नोट नहीं बांटे। बच्चे भगवान का रूप होते हैं, छोटी-छोटी बातों को क्यों तूल दे रहे हैं।
-विनोद परसरामपुरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष, सिरोही
चुनाव आचार संहिता लागू है। इसलिए किसी को प्रलोभन देना या मतदाताओं को आकर्षित करना गलत है। भाजपा की बैठक में यदि बच्चों को नोट बांटे गए हैं तो मामले की जांच कराई जाएगी।
-प्रह्लाद सहाय नागा, एसडीएम, सिरोही
ञ्चमैंने किसी को नोट नहीं बांटे। छोटी-छोटी बातों को क्यों तूल दे रहे हैं।
-विनोद परसरामपुरिया