लुधियाना. कार्रवाई का डंडा दिखाकर नगर निगम ने हाउस टैक्स डिफाल्टरों से 80 लाख रुपए की बड़ी वसूली कर ली है। निगम के हाउस टैक्स विभाग ने यह वसूली मंगलवार को अंसल प्लाजा में स्थित शोरूम मालिकों से की है। टैक्ट अदा न करने पर निगम ने इनके खिलाफ नीलामी का पब्लिक नोटिस जारी कर दिया था।
नगर निगम के जोन डी के जोनल कमिश्नर पीएस घुम्मन के मुताबिक नीलामी से पहले ही कुछ शोरूम मालिकों ने अपने टैक्स की रकम जमा करवा दी है। पंजाब बंद के कारण निगम बुधवार को शेष शोरूम मालिकों पर कार्रवाई करेगा।
फिरोजपुर रोड स्थित अंसल प्लाजा में बने कई शोरूमों का निगम को हाउस टैक्स नहीं मिल रहा था। हाउस टैक्स जमा करवाने को लेकर निगम और शोरूम मालिकों में सहमति नहीं बन पाई थी। निगम ने कई बार उन्हें नोटिस भी जारी किए, लेकिन चंद शोरूम मालिकों ने ही उसकी परवाह की। दूसरी तरफ हाउस टैक्स विभाग पर रेवेन्यू वसूली को लेकर आला अधिकारियों का दबाव बढ़ रहा था।
जिसके मद्देनजर पिछले हफ्ते निगम ने टैक्स अदा न करने वाले शोरूम मालिकों को डिफाल्टर घोषित कर उनके खिलाफ नोटिस जारी कर दिया था। फिर भी जब बात न बनी तो निगम ने अखबारों के जरिए शोरूमों को नीलामी पर लगाने का पब्लिक नोटिस जारी कर दिया था। निगम का इन शोरूमों पर 4.26 करोड़ रुपए टैक्स बकाया है। फिलहाल उसमें से 80 लाख रुपए निगम को हासिल हो गए हैं। निगम अधिकारियों के मुताबिक बुधवार सुबह जिन शोरूम मालिकों का बकाया निगम के पास जमा नहीं होगा, उनके शोरूम को सील कर दिया जाएगा।
यहां बता दें कि निगम बजट में हाउस टैक्स का लक्ष्य 75 करोड़ रुपए है। यह लक्ष्य निगम पिछले साल भी हासिल नहीं कर सका था, जिस पर पंजाब सरकार के ऑडिट विंग ने एतराज जता दिया था। यहां तक की लोकल ऑडिट विंग ने रेवेन्यू में लीकेज की आशंका जता दी थी। इसके मद्देनजर निगम का हाउस टैक्स विभाग रेवेन्यू का लक्ष्य पूरा करने में हाथ-पांव मार रहा है।